दीपावली पर नगर परिषद विजयराघवगढ़ की मुस्तैदी, अध्यक्ष राजेश्वरी दुवे ने पार्षदों के साथ किया नगर भ्रमण
व्यापारियों की सुविधा और नागरिकों की सुरक्षा को दी प्राथमिकता, भारी वाहनों के प्रवेश पर लगाई रोक, सुरक्षित स्थानों पर संचालित कराईं पटाखा दुकानें
विजयराघवगढ़(YASHBHARAT.COM)। दीपावली के पावन पर्व पर नगरवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर परिषद विजयराघवगढ़ द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गईं। नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुवे ने पार्षदों एवं परिषद की टीम के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर में दीपावली के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई। वहीं, प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन को व्यवस्थित किया गया, जिससे बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों एवं व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए पटाखा दुकानों के लिए सुरक्षित स्थान चिन्हित किए गए और उन्हें निर्धारित स्थलों पर संचालित कराया गया, ताकि दीपावली के उत्साह के बीच किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। इसके साथ ही नगर के प्रमुख बाजारों, मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद की टीम लगातार सक्रिय रही।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राजेश्वरी हरीश दुवे ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के मार्गदर्शन में नगर परिषद का प्रयास रहा है कि दीपावली का पर्व प्रत्येक नागरिक के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और खुशियों से भरा रहे। व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्थाएं की गईं, जिससे उनका कारोबार प्रभावित न हो और आम नागरिकों को आवागमन एवं खरीदारी में किसी तरह की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी है, जब पूरा नगर मिल-जुलकर सुरक्षित, स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण वातावरण में उत्सव मनाए। नगर परिषद केवल व्यवस्थाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि नगरवासियों की सुविधा, सुरक्षा और खुशहाली के लिए निरंतर प्रयासरत है।
नगर परिषद की इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य दीपावली के अवसर पर बाजारों में रौनक बनाए रखना, व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और प्रत्येक परिवार के घर-आंगन में खुशियों के दीप प्रज्वलित करना रहा।












