ग्वालियर: 6,952 करोड़ के ग्वालियर-भिंड-इटावा फोरलेन प्रोजेक्ट को कैबिनेट मंजूरी का इंतजार, NHAI ने दिल्ली भेजा प्रस्ताव
ग्वालियर: ग्वालियर के अटल द्वार से लेकर भिंड-इटावा तक प्रस्तावित 117 किलोमीटर लंबे फोरलेन रोड प्रोजेक्ट की फाइल अब अंतिम स्वीकृति के लिए केंद्रीय कैबिनेट के पास पहुंच गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के ग्वालियर कार्यालय ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर दिल्ली मुख्यालय को भेज दिया है।
दो चरणों में होगा निर्माण, मई में शुरू हुई थी टेंडर प्रक्रिया
लगभग 6,952 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस हाईवे प्रोजेक्ट को निर्माण और प्रबंधन की आसानी के लिए दो भागों (सेक्शन) में बांटा गया है। NHAI द्वारा इसके लिए टेंडर प्रक्रिया की शुरुआत मई माह में ही कर दी गई थी।
कैबिनेट की मंजूरी के बाद खुलेंगे टेंडर
प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) और अन्य सभी तकनीकी प्रस्तावों को पहले ही उच्च स्तर से हरी झंडी मिल चुकी है। NHAI के अनुसार, अब जैसे ही केंद्रीय कैबिनेट की अंतिम स्वीकृति मिलेगी, वैसे ही टेंडर खोलकर आगे की निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस फोरलेन के बनने से ग्वालियर, भिंड और उत्तर प्रदेश के इटावा के बीच यातायात सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।











