सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ का विमोचन, पीएम मोदी और बाबरी मस्जिद पर खुलासों से गरमाई राजनीति
नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की बहुचर्चित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) का आज सीधे बाजारों में विमोचन हो गया है। बिना किसी औपचारिक लॉन्च इवेंट के रिलीज हुई 544 पन्नों की इस किताब में सोनिया गांधी ने इटली से दिल्ली तक के अपने सफर, गांधी परिवार की त्रासदियों, 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम और भारत में बिताए छह दशकों के निजी अनुभवों को साझा किया है। सोशल मीडिया पर एक्टिव हुईं सोनिया गांधी ने स्पष्ट किया है कि यह कोई विशुद्ध राजनीतिक किताब नहीं, बल्कि उनके जीवन, परिवार और प्रेम का निजी ब्यौरा है।
किताब के प्रमुख बिंदु और खुलासे:
इंदिरा गांधी के साथ रिश्ता और निजी जिंदगी:
किताब में इटली से भारत आने के बाद इंदिरा गांधी के साथ उनके रिश्तों, परिवार का हिस्सा बनने की प्रक्रिया और निजी जीवन के कई अनछुए पहलुओं को उजागर किया गया है। सोशल मीडिया पर भी इस दौर के कई पुराने वीडियो और अंश वायरल हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राजनीतिक रिश्ते:
सोनिया गांधी ने पहली बार पीएम मोदी के साथ अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत समीकरणों पर खुलकर लिखा है,दोनों के बीच केवल औपचारिक मौकों पर मुलाकात और ‘नमस्ते’ तक ही सीमित बातचीत होती है। दोनों की विचारधाराएं और दुनिया को देखने का नजरिया पूरी तरह अलग है और दोनों अपने-अपने विजन के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी के एक बेहद साधारण व पिछड़े वर्ग के पृष्ठभूमि से आकर RSS और राजनीति के शीर्ष तक पहुंचने के कठिन परिश्रम को स्वीकार किया है। देश के बड़े सत्ताधारी व रसूखदार (एलीट) वर्ग को लेकर पीएम मोदी की असहजता पर सोनिया गांधी ने अपनी सहमति भी जताई है।
बाबरी ढांचे पर बयान से उपजा विवाद:
किताब के रिलीज से पहले एक ब्रिटिश अखबार को दिए साक्षात्कार में सोनिया गांधी ने कहा था कि बाबरी ढांचा गिरते देख वह रो पड़ी थीं। इस बयान पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने सवाल उठाते हुए कहा कि 32 साल बाद सोनिया गांधी को बाबरी मस्जिद की याद क्यों आई और वे इतने वर्षों तक चुप क्यों रहीं।











