स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: मध्यप्रदेश का डंका, 9 शहरों को मिलेगा राष्ट्रपति पुरस्कार; 11 नवंबर को नई दिल्ली में सम्मान समारोह

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26
नई दिल्ली / भोपाल। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) द्वारा आयोजित ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में मध्यप्रदेश ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। देशभर के 4,909 शहरों के बीच हुए इस कड़े मुकाबले में चयन सूची के कुल 57 उत्कृष्ट शहरों में से सबसे ज्यादा 9 शहर मध्यप्रदेश के चुने गए हैं।
11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को सम्मानित करेंगी। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे।

MP के ये 9 शहर बनेंगे राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित:

राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए मध्यप्रदेश के इंदौर, भोपाल (सुपर स्वच्छ लीग), उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, देवास, बुदनी और देपालपुर जैसे प्रमुख शहरों और नगर परिषदों ने अपनी जगह बनाई है।

‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल में इंदौर-देपालपुर का कमाल

इस बार सर्वेक्षण में ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल के तहत बड़े शहरों को छोटे शहरों को सुधारने का जिम्मा सौंपा गया था। इंदौर ने मेंटर (मार्गदर्शक) शहर के रूप में देपालपुर नगर परिषद की स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने में अहम भूमिका निभाई। कभी 1,710वीं रैंक पर रहने वाले देपालपुर में इंदौर की मदद से 50 टन पुराना कचरा (Legacy Waste) हटाया गया और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को 100% तक पहुँचाया गया, जिसके कारण देपालपुर को इस बार राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुना गया है।

10वीं वर्षगांठ और सर्वेक्षण की मुख्य बातें:

  • विषय (Theme): इस वर्ष 10वें संस्करण की थीम “स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ” रखी गई थी।
  • विशेष मानक: इस बार मुख्य रूप से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर ही कचरा पृथक्कीकरण (Source Segregation), जल निकायों एवं नदियों के किनारों की सफाई, यूज्ड वॉटर मैनेजमेंट और नागरिक फीडबैक जैसे कड़े मानकों पर शहरों का आकलन किया गया।
  • सर्वे की व्यापकता: 45 दिनों तक चले इस विशाल अभियान में 3,000 से अधिक सर्वेयरों ने मैदानी स्तर पर जाकर शहरों की सफाई का लेखा-जोखा तैयार किया।