शादी के 13 साल बाद अलग हुए पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला: जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर मांगी प्राइवेसी
अमरावती/हैदराबाद: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण तथा उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने विवाह के 13 वर्षों बाद परस्पर सहमति से अलग होने (तलाक) का निर्णय लिया है। दोनों ने एक संयुक्त बयान (Joint Statement) जारी कर इस फैसले की आधिकारिक जानकारी दी है।
पवन कल्याण और अन्ना ने अपने बयान में कहा, “अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा साथ बिताने के बाद, हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। भले ही हमारा वैवाहिक संबंध समाप्त हो रहा है, लेकिन हम हमेशा अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे।”
यह बयान जनसेना के आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल पर साझा किया गया। कपल ने इस कठिन समय में मीडिया और प्रशंसकों से अपनी और अपने बच्चों की निजता (प्राइवेसी), दयालुता और समझदारी बनाए रखने की अपील की है।
रूस की रहने वाली अन्ना लेझनेवा (शादी के बाद अन्ना कोनिडेला) और पवन कल्याण की मुलाकात 2011 में फिल्म ‘तीन मार’ के दौरान हुई थी। दोनों ने सितंबर 2013 में विवाह किया था। इस शादी से उनके दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं।
यह पवन कल्याण की तीसरी शादी थी। पहली शादी 1997 में नंदिनी से हुई, जिनसे 2008 में कानूनी तलाक हुआ। दूसरी शादी 2009 में अभिनेत्री रेणु देसाई से हुई (जिनसे उनके दो बच्चे हैं), और 2012 में उनका तलाक हो गया था।














