स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: जबलपुर लगा सकता है स्वच्छता में बड़ी छलांग, 11 नवंबर को राष्ट्रपति करेंगी पुरस्कृत
जबलपुर: इंदौर की तर्ज पर संस्कारधानी जबलपुर भी स्वच्छता के क्षेत्र में नया इतिहास रचने की ओर अग्रसर है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के नतीजों में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर के शीर्ष 1 से 3 शहरों के बीच स्थान बनाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के आधिकारिक परिणाम 11 नवंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में घोषित किए जाएंगे। इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेता नगरीय निकायों को पुरस्कार प्रदान करेंगी। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
मध्य प्रदेश के 9 निकायों को न्योता
समारोह में पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रदेश के 9 नगरीय निकायों में जबलपुर के अलावा इंदौर, भोपाल/देपालपुर, बुधनी, देवास, ग्वालियर, रीवा, सागर और उज्जैन शामिल हैं।
इन सुधारों से मजबूत हुई रैंकिंग:
- डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन: कचरा संग्रहण और पृथक्करण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया गया।
- नर्मदा संरक्षण व जल पुनर्चक्रण: माँ नर्मदा को स्वच्छ रखने हेतु सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित किए गए और दूषित जल के पुनर्चक्रण पर जोर दिया गया।
- ठोस अपशिष्ट प्रबंधन: तीन नए गार्बेज ट्रांसफर स्टेशनों का निर्माण और कम्पोस्ट प्लांट्स का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया गया।
सौंदर्यीकरण और हरित आवरण का विस्तार:
- शहर में बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर ‘ग्रीन वॉल’ और ‘ग्रीन बेल्ट’ का निर्माण कराया गया।
- प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों की रंगाई-पुताई, पेंटिंग, नए उद्यानों का निर्माण और विभिन्न चौराहों पर आकर्षक फाउंटेन स्थापित किए गए।
- सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की स्थिति में गुणात्मक सुधार और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: जबलपुर लगा सकता है स्वच्छता में बड़ी छलांग, 11 नवंबर को राष्ट्रपति करेंगी पुरस्कृत












