विजयराघवगढ़ (कटनी)। विजयराघवगढ़ क्षेत्र की ग्राम पंचायत नन्हवारा कलां में आगजनी की एक घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। जगदीश मंदिर के समीप स्थित रोहित दुबे के कच्चे मकान में 7 सितंबर की रात्रि अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मकान में रखा घरेलू सामान और कृषि सामग्री इसकी चपेट में आ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मकान मालिक रोहित दुबे गाय-भैंसों को मच्छरों से बचाने के लिए धुआं कर रहे थे। इसी दौरान कंडों के ढेर में संभवतः कोई जलता हुआ तिनका पहुंच गया, जिससे आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, दमकल का इंतजार करते रहे लोग
आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। ग्रामीणों की सामूहिक मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की सूचना डायल 112 को भी दी गई। वहीं, करीब एक घंटे बाद कैमोर थाने के माध्यम से दमकल दल मौके पर पहुंचा।
लेकिन दमकल वाहन की स्थिति देखकर ग्रामीण भी हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि दमकल वाहन में पानी की मात्रा बेहद कम थी और उसमें महज एक ड्रम पानी ही उपलब्ध था। ऐसे में सवाल उठने लगे कि यदि आग और अधिक विकराल होती या आसपास के अन्य मकानों तक फैल जाती, तो सीमित पानी वाला दमकल वाहन आखिर कितनी प्रभावी भूमिका निभा पाता।
बड़ी घटना टली, लेकिन व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि मकान में रखा घरेलू सामान, कृषि सामग्री और कंडों का ढेर आग की भेंट चढ़ गया। ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र की अग्निशमन व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है।
ग्रामीणों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि आपातकालीन परिस्थितियों में दमकल वाहन को पर्याप्त पानी और आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचना चाहिए, लेकिन यदि दमकल वाहन में ही पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होगा तो आग बुझाने की व्यवस्था कितनी कारगर साबित होगी?
अजगर की चाल से चल रही प्रशासनिक व्यवस्था!
विजयराघवगढ़ क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों को लेकर इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का मानना है कि आगजनी जैसी घटनाओं में हर मिनट कीमती होता है। ऐसे में करीब एक घंटे बाद दमकल का पहुंचना और वाहन में महज एक ड्रम पानी होना व्यवस्था की गंभीर खामियों की ओर इशारा करता है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस घटना से सबक लेते हुए दमकल व्यवस्था को दुरुस्त करने, वाहनों में पर्याप्त पानी रखने और आपातकालीन सेवाओं को तत्पर बनाने के लिए क्या कदम उठाते हैं, या फिर प्रशासनिक व्यवस्था इसी तरह अजगर की चाल से चलती रहेगी।














