जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी, गुरु नानक जयंती पर अमृतवेला ट्रस्ट लगाएगा विशाल रक्तदान शिविर,15 नवंबर को माधव नगर के पोपटानी हॉल में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगा आयोजन, युवाओं और सामाजिक संगठनों से रक्तदान की अपील

IMG 20261109 WA0049

 

जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी, गुरु नानक जयंती पर अमृतवेला ट्रस्ट लगाएगा विशाल रक्तदान शिविर,15 नवंबर को माधव नगर के पोपटानी हॉल में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगा आयोजन, युवाओं और सामाजिक संगठनों से रक्तदान की अपी

कटनी। जिला अस्पताल स्थित जिला ब्लड बैंक में इन दिनों रक्त की कमी की समस्या सामने आ रही है। ऐसे में जरूरतमंद मरीजों, विशेषकर गंभीर रूप से बीमार बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय पर रक्त उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इस स्थिति को देखते हुए रक्त की उपलब्धता बढ़ाने और जरूरतमंदों की मदद के उद्देश्य से अमृतवेला ट्रस्ट, माधव नगर द्वारा गुरु नानक जयंती के पावन अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है।

शिविर का आयोजन रविवार, 15 नवंबर 2026 को माधव नगर स्थित अमृतवेला पोपटानी हॉल में किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाले इस शिविर में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को सेवा, समानता, प्रेम और परोपकार का संदेश दिया है। उन्हीं के आदर्शों से प्रेरित होकर यह आयोजन किया जा रहा है। रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। रक्त की एक यूनिट किसी गंभीर मरीज के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है।

आयोजकों ने शहर के युवाओं, सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस पुनीत अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करें। ट्रस्ट ने कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है और रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने में हर व्यक्ति अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।