बरही अग्निकांड की होगी मजिस्ट्रियल जांच, छह मौतों के बाद जागा प्रशासन, कलेक्टर आशीष तिवारी ने गठित की चार सदस्यीय समिति, 30 दिन में मांगी रिपोर्ट; संजय पाठक भी पहुंचे थे पीड़ित परिवार के बीच

Picsart 26 11 09 20 12 36 271 scaled

कटनी/बरही। दीपावली की खुशियों के बीच बरही नगर में हुए भीषण अग्निकांड ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। तीन मंजिला आवासीय भवन सह क्रॉकरी दुकान में लगी आग ने एक ही परिवार के छह सदस्यों की जिंदगी छीन ली। दो माह के मासूम से लेकर 77 वर्षीय बुजुर्ग तक इस अग्निकांड की चपेट में आ गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद अब जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आशीष तिवारी ने अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर 30 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

 

इस जांच के जरिए आग लगने के वास्तविक कारणों से लेकर राहत एवं बचाव कार्यों में हुई कार्रवाई, भवन और दुकान में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम तथा संभावित लापरवाही की पड़ताल की जाएगी। प्रशासन यह भी पता लगाएगा कि इस दर्दनाक हादसे में कहीं किसी स्तर पर चूक या लापरवाही तो नहीं हुई।

 

अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित

 

कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मजिस्ट्रियल जांच समिति की अध्यक्षता अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र करेंगे। समिति में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ विजय धारेवे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कैमोर मनीष परते और सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा कटनी ज्योति यादव को सदस्य बनाया गया है।

 

कलेक्टर ने समिति को घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर 30 दिवस के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

 

आग कैसे लगी, सुरक्षा इंतजाम थे या नहीं, हर पहलू की होगी जांच

 

जांच समिति बरही निवासी पूरनलाल पिता भगवत प्रसाद के आवासीय भवन और उसमें संचालित क्रॉकरी दुकान में लगी आग की परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल करेगी। समिति आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ भवन और दुकान के संचालन से संबंधित नियमों तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति की भी जांच करेगी।

इसे भी पढ़ें-  बस स्टैंड में नियमों की अनदेखी करने वालों पर निगम की कार्यवाही, पांच कबाड़ व्यवसायियों पर 15 हजार रूपये जुर्माना,अवैध गैस रिफिलिंग पर भी कार्रवाई, फायर सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर गैस सिलेंडर जब्त

 

इसके अलावा हादसे के दौरान पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। जांच का महत्वपूर्ण पहलू यह भी होगा कि आग लगने के बाद बचाव कार्य किस तरह संचालित हुआ और कहीं किसी स्तर पर ऐसी चूक तो नहीं हुई, जिसने हादसे की गंभीरता बढ़ाई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के बयान होंगे दर्ज, जिम्मेदारियों का होगा निर्धारण

 

समिति घटना से जुड़े संबंधित व्यक्तियों, प्रत्यक्षदर्शियों और प्रभावित पक्षों के बयान दर्ज करेगी। इसके साथ ही उपलब्ध दस्तावेजों, विभागीय अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा। जांच में यदि किसी व्यक्ति या विभाग की लापरवाही अथवा चूक सामने आती है तो उससे संबंधित जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा।

 

जांच समिति भविष्य में इस तरह की हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी अपनी रिपोर्ट में शामिल करेगी। अब सभी की निगाहें 30 दिनों के भीतर आने वाली जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

 

दीपावली की रात आग ने छीन लीं एक परिवार की छह जिंदगियां

 

गौरतलब है कि दीपावली की रात बरही नगर के मुख्य बाजार स्थित पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की तीन मंजिला क्रॉकरी दुकान सह मकान में रात करीब 12 बजे अचानक आग भड़क उठी थी। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। आग और जहरीले धुएं के कारण परिवार के सदस्य ऊपरी मंजिलों में फंस गए।

 

हादसे के दौरान कुछ सदस्य किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन परिवार के छह सदस्य अंदर ही घिर गए। स्थानीय लोगों और बचाव दल ने रातभर उन्हें बचाने के प्रयास किए। सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर बचाव अभियान आगे बढ़ाया गया।

इसे भी पढ़ें-  कटनी ब्लड बैंक में रक्त की कमी कटनी ब्लड डोनर सोसायटी ने कि रक्तदाताओं से आगे आने की अपील,बच्चों और गर्भवती महिलाओं को हो रही परेशानी, रक्तमित्रों से सक्रिय सहयोग का आग्रह Yashbharat

 

इस अग्निकांड में पूरन अग्रवाल (77 वर्ष), उनकी पत्नी चंद्रकला अग्रवाल (74 वर्ष), बहू पूनम अग्रवाल, 14 वर्षीय आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और महज दो माह के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत से बरही नगर में शोक की लहर दौड़ गई। जब परिवार के छह सदस्यों की अर्थियां एक साथ उठीं तो हर आंख नम हो गई।

 

संजय पाठक पहुंचे थे घटनास्थल, परिजनों से मिलकर साझा किया था दुख

 

इस हृदयविदारक घटना पर विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने भी गहरा दुख व्यक्त किया था। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने श्रद्धांजलि संदेश जारी कर शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की थीं। इसके बाद संजय पाठक स्वयं बरही पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

 

विधायक संजय पाठक ने पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा लिया और हादसे से जुड़े पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद वे शोकाकुल अग्रवाल परिवार के परिजनों के बीच पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

 

संजय पाठक ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा था कि पूरन अग्रवाल सहित परिवार के छह सदस्यों के असामयिक निधन से उनका मन अत्यंत व्यथित है। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को शासन-प्रशासन के माध्यम से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए वे तत्पर हैं।

 

मुख्यमंत्री ने घोषित की 24 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

 

बरही अग्निकांड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गहरा दुख व्यक्त किया था। उन्होंने कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में दीपावली के दौरान हुई अग्नि दुर्घटनाओं में हुई मौतों पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रति मृतक 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए थे।

इसे भी पढ़ें-  जंगल में चल रहा था लाखों का जुआ फड़, पुलिस की दबिश में 14 जुआरी गिरफ्तार,सात आरोपी मौके से फरार, 8 मोटरसाइकिल, 14 मोबाइल और 80 हजार 500 रुपये नकद जब्त

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की थी।

 

अब 30 दिन की जांच पर टिकी निगाहें, सामने आएंगे हादसे के जिम्मेदार पहलू?

 

बरही अग्निकांड ने न केवल एक परिवार को उजाड़ा है, बल्कि नगर में भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब कलेक्टर द्वारा मजिस्ट्रियल जांच समिति गठित किए जाने के बाद लोगों की निगाहें जांच के निष्कर्षों पर टिकी हैं। आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं और राहत एवं बचाव कार्यों में कहीं कोई चूक हुई थी या नहीं, इन सभी सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट से सामने आने की उम्मीद है।

 

छह जिंदगियों की इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन जांच में यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई और भविष्य में सुरक्षा व्यवस्था में सुधार इस दर्दनाक घटना के बाद बेहद जरूरी है।