बरही अग्निकांड पर मिथिलेश जैन ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख मुआवजा देने की मांग जिम्मेदार अधिकारियो पर कार्यबाही कि मांग
कटनी। कटनी नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद एवं जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मिथिलेश जैन एडवोकेट ने बरही में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
मिथिलेश जैन ने कहा कि अग्नि दुर्घटना के दौरान जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समय पर फोन नहीं उठाना, घटनास्थल पर समय से नहीं पहुंचना और अग्निशमन वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन आम नागरिकों के जीवन की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान जनहित के कार्यों के बजाय फोटो खिंचवाने और जनसंपर्क कार्यालय के माध्यम से खबरें जारी कर अपनी वाहवाही करवाने पर अधिक रहता है। ऐसी गंभीर घटनाओं में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
मिथिलेश जैन ने मध्यप्रदेश शासन से मांग की है कि बरही अग्निकांड में सामने आई कथित प्रशासनिक लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी छह मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि इस असहनीय दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सके।












