जंगल में चल रहा था लाखों का जुआ फड़, पुलिस की दबिश में 14 जुआरी गिरफ्तार,सात आरोपी मौके से फरार, 8 मोटरसाइकिल, 14 मोबाइल और 80 हजार 500 रुपये नकद जब्त

IMG 20261101 WA0069

जंगल में चल रहा था लाखों का जुआ फड़, पुलिस की दबिश में 14 जुआरी गिरफ्तार,सात आरोपी मौके से फरार, 8 मोटरसाइकिल, 14 मोबाइल और 80 हजार 500 रुपये नकद जब्त

कटनी। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम भदौरा नंबर-2 के जंगल में संचालित जुआ फड़ पर छापेमारी की। पुलिस की योजनाबद्ध कार्रवाई में मौके से 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सात आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 8 मोटरसाइकिल, 14 मोबाइल फोन और 80 हजार 500 रुपये नकद सहित करीब 13 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में संयुक्त पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को ग्राम भदौरा नंबर-2 के जंगल में बड़े स्तर पर जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान जुआ खेल रहे 14 लोगों को पकड़ लिया गया, जबकि सात व्यक्ति भागने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपियों में अनामिक बेनर्जी, प्रिंस पाण्डेय, अंकित बरगाही, जुनैद खान, राज निषाद, मुकेश कुमार पटेल, पुष्पराज सिंह, बसंत शर्मा, संजय बारकर, संदीप गुप्ता, बल्ली निषाद, अजय साहू, आनंद निषाद और सुरेंद्र चौधरी शामिल हैं। सभी कटनी एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड संकलित कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार सात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।

इसे भी पढ़ें-  अंगदान कर सुनील कुमार ताम्रकार ने दिया मानवता का संदेश, कटनी मुक्तिधाम में गार्ड ऑफ ऑनर से दी गई अंतिम विदाई

कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।