कन्नौज में तेज रफ्तार थार का तांडव: बाइक सवार 3 लोगों की दर्दनाक मौत, 1 गंभीर, चालक गाड़ी लेकर फरार
कन्नौज: इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कचाटीपुर गांव में सरदार पटेल इंटर कॉलेज के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रही तेज रफ्तार थार ने एक बाइक पर सवार चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
भीषण टक्कर से बाइक के उड़े परखच्चे:
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के अगौस गांव निवासी 28 वर्षीय मनीष कुमार, 50 वर्षीय वेद प्रकाश, 35 वर्षीय विजय और 24 वर्षीय आशीष एक ही बाइक पर सवार होकर इंदरगढ़ की ओर जा रहे थे। तभी कचाटीपुर के पास गलत दिशा से आ रही थार गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
तीन की मौके पर मौत, चालक फरार:
हादसे में विजय, वेद प्रकाश और मनीष की मौके पर ही सांसें थम गईं। दुर्घटना के तुरंत बाद थार चालक ने गाड़ी मोड़ी और मौके से फरार हो गया।
घायल हायर सेंटर रेफर, परिजनों में आक्रोश:
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों व घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल आशीष को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। घटना स्थल और मोर्चरी पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी प्रशासनिक अधिकारी या जनप्रतिनिधि के समय पर न पहुंचने पर आक्रोश जताया।
पुलिस की कार्रवाई जारी:
पुलिस ने मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार थार गाड़ी और उसके चालक का सुराग लगाने के लिए पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और आसपास के रास्तों के आधार पर जांच में जुटी है।











