अमृत योजना में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: महापौर प्रीती सूरी,सीवर, जलप्रदाय और अधोसंरचनात्मक कार्यों की समीक्षा, सुरक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा के पालन के दिए सख्त निर्दे
कटनी। नगर निगम में बुधवार को आयोजित अमृत योजना एवं जलप्रदाय विभाग की समीक्षा बैठक में महापौर श्रीमती प्रीत संजीव सूरी ने सीवर, जलप्रदाय एवं अन्य अधोसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में महापौर ने नेटवर्क मैप के माध्यम से अमृत योजना अंतर्गत सीवर लाइन बिछाने के कार्यों की समीक्षा की। जिन क्षेत्रों में कार्य पूर्ण हो चुका है तथा जहां कार्य प्रगति पर है, वहां की स्थिति का जायजा लेते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही किए जाएं।
वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए महापौर ने सभी सीवर कार्य स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रमिकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही जय हिंद चौक एवं कटनी साउथ स्टेशन रोड पर बने गड्ढों को तत्काल भरवाने के निर्देश भी दिए।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां मोटरेबल एवं रेस्टोरेशन कार्य में देरी न की जाए, ताकि सड़कें और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं शीघ्र सामान्य हो सकें। उन्होंने शेष सीवर कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में एसटीपी, डब्ल्यूटीपी तथा जलप्रदाय परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। महापौर ने कहा कि जलप्रदाय से जुड़े सभी निर्माण एवं तकनीकी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, जिससे नागरिकों को भविष्य में निर्बाध और बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके। पाइपलाइन विस्तार एवं सिटी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि अमृत योजना का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि शहरवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, पीडीएमसी प्रतिनिधि विशाल सैनी, सौरभ महेश्वरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
