Site icon Yashbharat.com

Nai Shiksha Niti: अब एक साल में सकेंगे पीजी, आनर्स विद रिसर्च में प्रवेश के लिए प्रक्रिया जुलाई से शुरू ; इन्हें मिलेगा प्रवेश

images 18 1

Nai Shiksha Niti : अब एक साल में सकेंगे पीजी, आनर्स विद रिसर्च में प्रवेश के लिए प्रक्रिया जुलाई से शुरू होगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रम इस साल से तीन के बदले चार वर्ष का हो गया है। इस साल से यूजी चतुर्थ वर्ष आनर्स और आनर्स विथ रिसर्च कर दिया गया है। अगर विद्यार्थी चौथे वर्ष में आनर्स करेंगे तो उनके लिए पीजी एक साल का ही होगा। यूजी चतुर्थ वर्ष में आनर्स और आनर्स विद रिसर्च में प्रवेश के लिए प्रक्रिया जुलाई से शुरू की जाएगी। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं।

यूजी चतुर्थ वर्ष होने का असर स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम के पंजीयन में भी देखने को मिल रहा है। अब तक पीजी में 2.08 लाख सीटों के लिए 40 हजार विद्यार्थियों ने ही पंजीयन कराया है, जबकि पिछले साल 67 हजार ने पंजीयन कराया था। बता दें कि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के 1308 सरकारी और निजी कालेजों में संचालित यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों की 10.18 लाख सीटों पर प्रवेश के लिए अब तक 2.16 लाख पंजीयन हुए हैं ।

पीजी की सीटें खाली रहने की संभावना

 

प्रदेशभर में यूजी तीसरे वर्ष में साढ़े तीन लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें से सिर्फ 40 हजार ने ही पंजीयन कराया है। पीजी में सीटें दो लाख के करीब है। ऐसे में इस साल सीटें खाली रहने की संभावना है।

यूजी आनर्स करने के यह होंगे फायदे

 

अगर विद्यार्थी यूजी तीसरे वर्ष के बाद चतुर्थ वर्ष आनर्स करता है तो उन्हें पीजी में एक साल की पढ़ाई करनी होगी। वहीं यूजी आनर्स के साथ रिसर्च करते हैं तो वे पीजी एक साल और आगे सीधे पीएचडी भी कर सकेंगे।

शोध केंद्र वाले महाविद्यालयों में यूजी आनर्स विथ रिसर्च पाठ्यक्रम शुरू होगा

 

यूजी चतुर्थ वर्ष आनर्स का पाठ्यक्रम सभी सरकारी व निजी महाविद्यालयों में शुरू किया गया है, लेकिन आनर्स विद रिसर्च पाठ्यक्रम का संचालन केवल ऐसे पीजी महाविद्यालयों में किए जा रहे हैं, जिनमें कम से कम दो नियमित शिक्षक शोध निदेशक के रूप में पंजीकृत हों और इन महाविद्यालयों में संबंधित विवि से संबंधित विषय में मान्यता प्राप्त शोध केंद्र संचालित किए जा रहे हों।

इन्हें मिलेगा प्रवेश

 

ऐसे विद्यार्थी जो यूजी चतुर्थ वर्ष आनर्स में प्रवेश लेना चाहते हैं, उन्हें यूजी तृतीय वर्ष में 120 क्रेडिट अंक अर्जित करना होगा। ऐसे विद्यार्थियों को 7.5 सीजीपीए की अनिवार्यता नहीं होगी। वहीं जो विद्यार्थी यूजी चतुर्थ वर्ष आनर्स विथ रिसर्च में प्रवेश लेना चाहते हैं, उन्हें तृतीय वर्ष में 7.5 सीजीपीए अर्जित करना अनिवार्य होगा और 120 क्रेडिट अंक भी लाना होगा।

Exit mobile version