Site icon Yashbharat.com

नीलकंठेश्वर धाम में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां पूरी, हजारों शिवभक्त होंगे शामिल, क्षेत्र में निकलेगी भव्य शिव बारात

IMG 20260209 WA0047 1

नीलकंठेश्वर धाम में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां पूरी, हजारों शिवभक्त होंगे शामिल, क्षेत्र में निकलेगी भव्य शिव बारात

कटनी(YASHBHARAT.COM)। जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित भगवान शिव की नगरी नीलकंठेश्वर धाम में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हर साल की तरह इस वर्ष भी हजारों शिवभक्त यहां पहुंचेंगे और भगवान शिव.पार्वती के विवाह महोत्सव एवं भव्य बारात का हिस्सा बनेंगे। नीलकंठेश्वर धाम में पिछले 36 वर्षों से अखंड रामचरितमानस पाठ और भगवान शिव के कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। महाशिवरात्रि से 42 दिन पूर्व शिवलिंग निर्माण प्रारंभ होता है, जिन्हें विधि-विधान से पूजन के बाद विसर्जित किया जाता है।

Oplus_16908288

प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर यह धार्मिक आयोजन शहर के प्रतिष्ठिक उघोगपति मदनलाल ग्रोवर व उनके युवा उघोगपति पुत्र रंजन बाबू ग्रोवर के द्धारा एक आयोजन समिति बनाकर आयोजित किया जाता है। आयोजन समिति के संरक्षण पूर्वमंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल व नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व शहर व विजयराघवगढ़ के गणमान्य नागरिकों को बनाया गया है। बहरहाल कल 15 फरवरी, रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नीलकंठेश्वर धाम में भव्य उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें विशेष महा आरती, रजत श्रृंगार, भव्य शिव बारात और रुद्राभिषेक शामिल हैं। यह आयोजन नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर समिति और भक्तों द्वारा उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

आध्यात्मिक शांति का केंद्र है नीलकंठेश्वर धाम

नीलकंठेश्वर धाम मंदिर कटनी जिले के कैमोर क्षेत्र के पडखुंडी ग्राम में स्थित है। चारों ओर ऊंची पहाडिय़ों से घिरा यह क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक शांति का अनुभव कराता है। यहां आयोजित अखंड मानस पाठ और भक्तिमय कीर्तन दूर-दूर तक गूंजते हैं। मंदिर के पुजारी के अनुसार इस भव्य मंदिर का निर्माण कटनी के प्रतिष्ठित व्यवसायी मदन लाल ग्रोवर द्वारा सन् 1991 में कराया गया था। मंदिर की सुंदरता और धार्मिक महत्व के कारण कटनी और आसपास के जिलों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। इस बार मथुरा के सुप्रसिद्ध भजन गायक हेमंत ब्रजवासी अपनी प्रस्तुति देंगे, जिससे श्रद्धालुओं की भक्ति भावना और प्रबल होगी। इसके अलावा मंदिर में हर वर्ष विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किए जाते हैं, जिसके उपरांत हजारों श्रद्धालुओं को भंडारे में प्रसाद वितरित किया जाता है।

महाशिवरात्रि पर निकलेगी भव्य शिव बारात

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान शिव की बारात धूमधाम से निकाली जाती है, जिसमें कटनी सहित आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। भव्य बाजे-गाजे, झांकियां और कीर्तन मंडलियां इस शोभायात्रा का आकर्षण बढ़ाते हैं।

5 एकड़ में फैला विशाल मंदिर परिसर

करीब 5 एकड़ में फैले इस मंदिर परिसर में मां जगदंबा, भगवान गणेश, श्रीहरि विष्णु-मां लक्ष्मी सहित कई देवी-देवताओं के मंदिर स्थित हैं। हालांकि श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र तीन मंजिला ऊंचा भगवान शिव और गौरी माता का भव्य मंदिर है। इस पावन धाम में हर वर्ष महाशिवरात्रि पर होने वाले धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धालुओं को एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करते हैं।

Exit mobile version