कोयला जलाकर प्रदूषण फैलाने पर नगर निगम की कार्रवाई, कोयला किया जब्त

कोयला जलाकर प्रदूषण फैलाने पर नगर निगम की कार्रवाई, कोयला किया जब्
कटनी। शहर में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई। शंभू टॉकीज, संत नगर, गोकुलधाम के आगे जोवियल स्कूल के पास घर के पीछे प्रतिदिन कोयला जलाकर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने से धुएं और प्रदूषण की समस्या की शिकायत निगम को प्राप्त हुई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन में निगम के स्वास्थ्य अमले एवं अतिक्रमण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर रखा कोयला जब्त कर लिया गया।
निगम अमले ने संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोयला जलाकर धुआं एवं वायु प्रदूषण न फैलाया जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि दोबारा नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण अधिकारी मानेंद्र सिंह, स्वच्छता निरीक्षक निशांत कनोजिया सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि शहर में प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की जानकारी निगम को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।







