राजस्व वसूली में लापरवाही पर निगमायुक्त का सख्त एक्शन,पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर 14 कर्मचारियों को चेतावनी पत्र, एक को कारण बताओ नोटिस
राजस्व वसूली में लापरवाही पर निगमायुक्त का सख्त एक्शन,पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर 14 कर्मचारियों को चेतावनी पत्र, एक को कारण बताओ नोटि
कटनी — वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति निकट आते ही शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बकाया राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा राजस्व वसूली कार्य की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्रवाई की गई है।
निगमायुक्त द्वारा हाल ही में आयोजित राजस्व समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में वसूली कार्य में लापरवाही पाए जाने पर 14 कर्मचारियों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है, जबकि एक कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
इन कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई
जिन कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, उनमें बाजार शाखा के सहायक ग्रेड तथा सहायक राजस्व निरीक्षक एवं वसूलीकर्ता शामिल हैं। इनमें वार्ड क्रमांक 32, 43, 31, 33, 40, 41, 4, 8, 24, 39, 3, 12, 18, 42, 29 एवं 30 से संबंधित कर्मचारी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 5 के सहायक राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
शासन स्तर से भी सख्त निर्देश
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा भी मार्च माह में विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के अनुपालन में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा प्रतिदिन राजस्व वसूली की समीक्षा की जा रही है।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व शत-प्रतिशत राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के लिए वसूली कार्य की सतत मॉनिटरिंग तथा आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।