मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास 18.748 किलो गांजे के साथ हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रॉली बैग व पिठ्ठू बैग से 18 पैकेट बराम
कटनी, 18 अगस्त। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से एक युवक को 18.748 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के कब्जे से गांजे के परिवहन में प्रयुक्त दो ट्रॉली बैग एवं एक पिठ्ठू बैग भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम 17-18 अगस्त की दरम्यानी रात अपराधों की रोकथाम एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के लिए मुड़वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी।
पेट्रोलिंग के दौरान स्टेशन से सिविल लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर फुट ओवरब्रिज के पास पुलिस टीम को एक युवक दो ट्रॉली बैग एवं एक पिठ्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को अपनी ओर आता देखकर युवक दोनों ट्रॉली बैग मौके पर छोड़कर वहां से जाने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम योगेश यादव पिता जुगल किशोर यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी गदाईपुर, थाना पटौदी, जिला गुरुग्राम, हरियाणा बताया। उसके संदिग्ध व्यवहार एवं संतोषजनक जवाब नहीं देने पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसके साथ मिले तीनों बैगों की विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बैगों से कुल 18 पैकेट बरामद हुए। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया। तौल करने पर कुल वजन 18.748 किलोग्राम निकला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹1,85,000 है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 908/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाने वाला था। पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।
यह हुई बरामदगी
18.748 किलोग्राम अवैध गांजा
कुल 18 पैकेट
अनुमानित कीमत ₹1.85 लाख
गांजा परिवहन में प्रयुक्त दो ट्रॉली बैग एवं एक पिठ्ठू बैग
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि रात्रि पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली। उन्होंने कहा कि अवैध शराब, गांजा, स्मैक, नाईट्रावेट सहित अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उनि. कुलदीप सिंह, सउनि. विजय गिरी, प्र.आर. वीरेन्द्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह, आर. अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, अजय प्रताप सिंह, अभिषेक राय, राहुल तिवारी, अमित सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मंडलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह, विकास राय तथा थाना एनकेजे से आर. अनमोल सिंह एवं रणविजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
