MP High Court Live Streaming: देश में पहली बार राज्य की सभी जिला-तहसील अदालतों की लाइव स्ट्रीमिंग, मुख्य न्यायाधीश ने की शुरुआत। हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमठ ने गुरुवार को आम नागरिकों की सहूलियत के लिए अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी व्यवस्थाओं का शुभारंभ किया।
हाई कोर्ट में वीडियो निगरानी प्रणाली और कोर्ट रूम लाइव आडियो विजुअल स्ट्रीमिंग सिस्टम-क्लास परियोजनाएं प्रारंभ हो गई हैं। जिला एवं सत्र न्यायालय के सेंट्रलाइजड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में हाई कोर्ट के न्यायाधीश और हाई कोर्ट व जिला अदालत, जबलपुर के अधिकारी उपस्थित थे।
यह देश में पहली बार है, जब किसी राज्य के हाई कोर्ट द्वारा राज्य में सभी जिला और तहसील अदालतों के लिए कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षित अदालत परिसरों की ओर बढ़ते हुए, हाई कोर्ट ने एकीकृत वीडियो निगरानी प्रणाली (आइवीएसएस) और कोर्ट रूम लाइव आडियो विजुअल स्ट्रीमिंग सिस्टम (क्लास) शुरू की है।
210 अदालत परिसरों के कोर्ट रूम की लाइव स्ट्रीमिंग होगी
हाई कोर्ट ने जिम्मेदार नेतृत्व का प्रदर्शन करते हुए अन्य अदालतों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह भारतीय न्यायिक प्रणाली के इतिहास में एक अग्रणी तकनीकी परियोजना है, जो हाई कोर्ट द्वारा प्रशासित अदालत परिसर को सुरक्षित और पारदर्शी बनाएगी। 210 अदालत परिसर में न्याय की यात्रा सभी संबंधित पक्षों-न्यायाधीशों, वकीलों और अधिवक्ताओं, अदालत के कर्मचारियों, पुलिस जैसी सुरक्षा एजेंसियों और बड़े पैमाने पर जनता के लिए सुरक्षित होनी चाहिए। अदालत परिसरों में व्यवधान की कई घटनाएं हुई हैं। अदालत परिसरों को सुरक्षित बनाने के लिए सिस्टम तैनात करना और तंत्र स्थापित करना महत्वपूर्ण कदम है।

