MP में सक्रिय हैं यूपी के खनन माफिया, शिवराज लिखेंगे योगी को पत्र

भोपाल। मध्य प्रदेश के मानसून विधानसभा सत्र में पूरे प्रदेश भर में खनन माफियाओं के सक्रिय होने का मुद्दा जोरशोर से उठा. MP में यूपी के खनन माफियाओं के सक्रिय होने पर बवाल भी मचा. प्रदेश के खनिज मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सरकार इस मामले पर जांच कराएगी. इस मामले पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिया कि वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस मामले से अवगत कराने के लिए पत्र लिखेंगे.
दरअसल, विधानसभा में इस मामले पर BJP के ही विधायक आरडी प्रजापति ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर आरोप लगाया कि वहां के खनन माफियाओं का कारोबार एमपी में चल रहा है. बताया जा रहा है कि प्रदेश में एक लाख करोड़ से ज्यादा का अवैध खनन हो रहा है. और इसमें बहुतायत की संख्या में उत्तर प्रदेश के खनन माफिया सक्रिय हैं. यह भी बताया जा रहा है कि खनन माफिया फायरिंग कर अफसरों को दबाने का काम करते हैं.
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन और रेत माफियाओं के कारोबार चलते हैं. प्रदेश के कई हिस्सों से खबरें आती रहती हैं कि पत्रकार, अधिकारी यहां तक कि कई बड़े नेता भी खनन माफियाओं का शिकार बनते रहते हैं. पिछले दिनों भिंड के एक पत्रकार को ट्रक से इसलिए कुचल दिया गया था कि उसने रेत माफियाओं के कारनामों को उजागर किया था.









