शाजापुर के व्यापारी से पूर्व SP के नाम पर 25 लाख की अड़ीबाज़ी, बंगले के बाहर पुलिसकर्मी ने ली रकम; जांच शुरू
शाजापुर। मध्य प्रदेश के शाजापुर में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नाम पर एक स्टेशनरी व्यापारी से 25 लाख रुपये की अड़ीबाज़ी (वसूली) का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि उसने यह मोटी रकम एसपी बंगले के बाहर एक पुलिसकर्मी को दो किस्तों में सौंपी थी। शिकायत सामने आने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है।
SDOP ने दर्ज किए पुलिसकर्मी के बयान मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी (SDOP) कीर्ति बघेल ने शनिवार को आरोपी पुलिसकर्मी को तलब कर उसके बयान दर्ज किए। वहीं, वर्तमान एसपी प्रियंका शुक्ला ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
टेंडर के विवाद से शुरू हुई साज़िश पीड़ित स्टेशनरी व्यापारी मोहम्मद अली ने 29 अक्टूबर को कोतवाली थाने में शिकायती आवेदन देकर पूरा वाकया बयां किया। अली के अनुसार, उन्होंने इस साल अप्रैल में एसपी कार्यालय में स्टेशनरी सप्लाई के टेंडर के लिए आवेदन किया था, लेकिन कागजात में त्रुटि के कारण टेंडर रद्द हो गया। इसके कुछ दिन बाद ‘अंकित ट्रेडर्स’ के अंकित नागर ने उनके खिलाफ शिकायत कर दी, जिसके सिलसिले में अली को कोतवाली बयान दर्ज कराने बुलाया गया।
स्पीकर फोन पर दी धमकी, दो किस्तों में वसूले 25 लाख थाने से बाहर निकलते ही अंकित नागर ने अली को झांसा दिया कि उसके तत्कालीन एसपी से बहुत अच्छे संबंध हैं और वह इस मामले को रफा-दफा करवा सकता है। इसके बाद अंकित ने अपने फोन का स्पीकर ऑन कर किसी से बात कराई, जिसने मामला खत्म करने के बदले 25 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर कारोबार बर्बाद करने की धमकी दी।
व्यापारी का दावा है कि डर के मारे उसने 3 और 4 जुलाई को दो बार में 25 लाख रुपये एसपी बंगले के बाहर मौजूद एक पुलिसकर्मी को सौंप दिए।
दोबारा पैसे मांगे तो व्यापारी ने खोली पोल 25 लाख रुपये ऐंठने के बाद भी जब गत सप्ताह व्यापारी को दोबारा कोतवाली बुलाकर अंकित की शिकायत का हवाला देते हुए और पैसों की मांग की गई, तो पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर पूरे मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। दूसरी ओर, आरोपी अंकित नागर ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उसने सिर्फ शिकायत दर्ज कराई थी और पैसों के लेन-देन से उसका कोई लेना-देना नहीं है। शाजापुर के व्यापारी से पूर्व SP के नाम पर 25 लाख की अड़ीबाज़ी, बंगले के बाहर पुलिसकर्मी ने ली रकम; जांच शुरू











