स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता का संदेश: होलिका दहन के दूसरे दिन चला व्यापक सफाई अभियान


स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता का संदेश: होलिका दहन के दूसरे दिन चला व्यापक सफाई अभिया

पर्व के दौरान अपने कर्तव्यों के निर्वहन में डटे रहे स्वच्छता मित्र, राख एवं अन्य अवशेषों की कराई गई सफाई

नगरनिगम की इस पहल को नागरिकों ने खूब सराहा, बताया सकारात्मक कदम

कटनी। होलिका दहन के उपरांत शहर में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा दूसरे ही दिन मंगलवार प्रातः नगर के होलिका दहन स्थलों के आस पास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। निगम की स्वच्छता दूतों की टीमों ने नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए नगर के विभिन्न वार्डों, मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं होलिका दहन स्थलों पर पहुंचकर राख, जली लकड़ियों और अन्य अवशेषों को हटाकर त्वरित साफ-सफाई सुनिश्चित की। वही जिन स्थलों पर होलिका दहन नहीं की गई उन स्थलों पर भी विशेष साफ सफाई की जाकर चूने की लाइन से रेखांकित किया गया। दैनिक सफाई व्यवस्था के तहत नगर के विभिन्न मुख्य एवं अन्य मार्गों सहित बाजार क्षेत्रों की सड़कों की विशेष सफाई की जाकर नागरिकों को बेहतर सफाई व्यवस्था मुहैया कराने के सार्थक प्रयास में स्वच्छता मित्र जुटे हुए दिखाई दिए।

उल्लेखनीय है कि पर्व के बाद अक्सर सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी एवं धूल का प्रभाव बढ़ जाता है, जिससे स्वास्थ्य एवं यातायात दोनों प्रभावित होते हैं। इसे दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा योजनाबद्ध तरीके से सफाई अमले की तैनाती की गई। कई स्थानों पर पानी का छिड़काव कर उड़ती राख को नियंत्रित किया गया, वहीं एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक ढंग से निष्पादन भी कराया गया।

यह पहल केवल सफाई तक सीमित न रहकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी संदेश देती है। स्थानीय नागरिकों ने निगम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे “स्वच्छ शहर, स्वस्थ नागरिक” की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

निगम प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों के बाद सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहभागी बनें।

Exit mobile version