Locust attack : शिवपुरी-श्योपुर और दतिया में फिर पहुंचा टिड्डी दल
शिवपुरी। अंचल में एक बार फिर टिड्डी दल आ पहुंचा है। शुक्रवार को शिवपुरी-दतिया के अलावा श्योपुर में भी कुछ गांवों में टिड्डी दल देखा गया। यहां खड़ी फसलों को नुकसान के अलावा गांव में खड़े पेड़ों के पत्तों तक को टिड्डियों ने साफ कर दिया। किसान तरह-तरह के जतन करके अपनी फसल को बर्बाद होने से बचाने में लगे हैं। दतिया के भांडेर अनुभाग में टिड्डी दल के हमले से किसानों की मूंग-उड़द की फसल के अलावा सब्जियों के पेड़ को नुकसान हुआ है।
श्योपुर में टिड्डी दल पहुंचने की सूचना पर तहसीलदार रजनी बघेल, कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। किसानों को समझाया अपनी फसलों को बचाने के लिए थाली, पीपे बाजाकर शोर करें या मोटरसाइकिल का साइलेंसर निकालकर जोर की आवाज करें।
शिवपुरी में टिड्डी दल शुक्रवार को खोड़ इलाके में जा पहुंचा यहां टमाटर, भिंडी ,बैगन, लौकी को नुकसान पहुंचा गया है। करैरा में टिडडी दल ने टीला, जुझाई, मोटा, बडौरा, सिरसौना, अमोला, सिरसौद, बम्हारी, निचरौली आदि गांवों में सब्जी की फसल को नुकसान पहुंचाया। शोर करके किसी तरह से टिडडी दल को वहां से भगाया।
पंडोखर क्षेत्र के किसान कुलवीर सरदार उर्फ हैप्पी के फार्म हाउस पर लाखों की संख्या में टिड्डी दल आ पहुंचा। बसई के बरधवां मिडिल स्कूल परिसर में खड़े पीपल के पेड़ पर चिपकी हजारों टिड्डियों ने पत्ते छेद डाले। ग्राम जैतपुर में किसान मनोज लोधी का पूरा परिवार टिड्डियां भगाने के लिए नगाड़े़, बांसुरी, थालियां, खाली डिब्बे बजाकर खेत में खड़ी मूंग की फसल को टिड्डी दल से बचाने में लगा है।








