LOckdown : छत पर पार्टी कर रहे बीजेपी पार्षद, पुलिस ने 11 को पकड़ा

ठाणे. भारत में सभी राज्यों में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस (Coronavirus) को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें हर मुमकिन कोशिश की जा रही है. कोरोना वायरस की महामारी को रोकने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 21 दिनों के लॉकडाउन (Lockdown) की घोषणा की गई है, जिसे खत्म होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं.लॉकडाउन के दौरान किसी को भी घर से बाहर या फिर समारोह के आयोजन की छूट नहीं दी गई है. लेकिन कुछ लोग लॉकडाउन (India Lockdown) के नियमों का उल्लंघन करने से भी पीछे नहीं हट रहे. कर्नाटक (Karnataka) के तुरुवेकेरे (Turuvekere) के बीजेपी विधायक मसले जयराम (Masale Jayaram) के बाद अब महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बीजेपी पार्षद ने लॉकडाउन की धज्जियां उड़ा दी हैं.
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के पनवेल में लॉकडाउन के बावजूद जन्मदिन की पार्टी मनाने के लिए एक जगह एकत्र होने के चलते भाजपा के पार्षद समेत 11 लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने बताया कि पनवेल नगर निगम के भाजपा पार्षद अजय बहिरा के बंगले पर सभी एकत्र हुए थे.
पनवेल पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि पार्षद का जन्मदिन मनाने के लिए उनके बंगले की छत पर कुछ लोग एकत्र हुए हैं. पुलिस दल मौके पर पहुंचा तो कार्यक्रम जारी था और पार्षद समेत 11 लोगों को हिरासत में लिया गया.उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.







