Live : शिवराज बोले-भाई के लिए बहनों ने सजाई सुंदर रांगोली, भला कैसे नहीं रुकता

कटनी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का विजयराघवगढ़ विधानसभा के ग्राम सिंगोड़ी तथा हन्तला में ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। ग्राम सिंगोड़ी में तो उत्सव से माहौल के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह भी उत्साहित हो गए।
सिंगौड़ी और हन्तला में भी सीएम शिवराज का आत्मीय अभिनंदन
राज्यमन्त्री संजय पाठक की अपेक्षा पर उन्होंने सिंगोड़ी में खेल स्टेडियम स्वीकृत करने की घोषणा की। जोरदार आतिशबाजी के बीच सिंगोड़ी के मुख्यबजार में रथ सभा मे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि अगले 3 वर्षों में सभी गरीबों को मकान दे दिया जाएगा।

प्रदेश में कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं रह जायेगा जिसके सिर पर छत न हो। उन्होंने चौथी बार भाजपा सरकार बनाने सिंगोड़ी की जनता से आशीर्वाद मांगा।
बहनों की रंगोली से खुद को रोक नही सका
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा का अगला पड़ाव ग्राम हन्तला था। हालांकि यहां सभा नहीं होनी थी लेकिन यहां महिलाओं बेटियों ने सड़क पर सुंदर रंगोली सजाई थी।

मुख्यमंत्री का रथ यहां रुका और लिफ्ट मंच से मुख्यमंत्री तथा राज्यमन्त्री संजय पाठक बाहर आये तथा उपस्थित जन समूह का अभिवादन स्वीकार किया। सीएम ने कहा कि आप लोगों का उत्साह देखकर में स्वयं को रोक नहीं पाया।
मेरी बहनों ने सुंदर रंगोली सजाई उनका भाई भला यहां कैसे स्वयं को रोक लेता। मेरी बहनों का आशीर्वाद ही तो मुझे यहां तक लेकर आया है। मुख्यमंत्री ने हन्तला में कांग्रेस पर हमला बोलते हुये कहा कि कांग्रेस के शासन में न बिजली थी न पानी न सड़क कांग्रेस ने सिर्फ जनता को गुमराह किया है।

हन्तला के बाद मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा विजयराघवगढ़ पहुंचने वाली थी। यहां विशाल मंच पर यात्रा प्रभारी प्रभात साहू, प्रदेश महामंत्री विनोद गोंटिया, जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता पटेल आदि मौजूद थे।








