Bhilai Mock Drill: यात्री ट्रेन में IED विस्फोट और बोगी पलटने का अलर्ट, महज 20 मिनट में मौके पर पहुंचीं बचाव टीमें; कटर से कोच काटकर निकाले यात्री
भिलाई। दुर्ग जिले के मरोदा रेलवे स्टेशन यार्ड के पास शुक्रवार सुबह उस समय अचानक अफरा-तफरी और कौतूहल का माहौल बन गया, जब यात्री ट्रेन में आईईडी (IED) विस्फोट होने और एक बोगी के पटरी से उतरकर पलटने का अलर्ट जारी हुआ। सूचना मिलते ही सायरन की गूंज के बीच एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन, मेडिकल वैन, एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF), बीएसपी (BSP) दमकल और डायल-108 की टीमें महज 20 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गईं। दरअसल, यह कोई वास्तविक हादसा नहीं, बल्कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में सुरक्षा व बचाव एजेंसियों की तत्परता और आपसी समन्वय को परखने के लिए रेलवे और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित एक संयुक्त मॉक ड्रिल थी।
आधुनिक कटर से लोहे की चादर काटकर किया रेस्क्यू
शुक्रवार सुबह ठीक 11:15 बजे विस्फोट का अलर्ट जारी होने के साथ ही इस संयुक्त अभ्यास की शुरुआत हुई। अभ्यास के तहत मौके पर दुर्घटनाग्रस्त बोगी के अंदर यात्रियों के फंसे होने का जीवंत दृश्य तैयार किया गया था। घटनास्थल पर पहुंचे राहत दल ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और आधुनिक कटर मशीनों की मदद से बोगी की मोटी लोहे की चादर को काटकर अंदर फंसे डमी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। Bhilai Mock Drill: यात्री ट्रेन में IED विस्फोट और बोगी पलटने का अलर्ट, महज 20 मिनट में मौके पर पहुंचीं बचाव टीमें; कटर से कोच काटकर निकाले यात्री
प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से अस्पताल भेजने का हुआ प्रदर्शन
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बचाव टीमों ने आपसी तालमेल का बेहतरीन परिचय दिया। बोगी से निकाले गए गंभीर रूप से घायल (डमी) यात्रियों को मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और फिर स्ट्रेचर की सहायता से एंबुलेंस में शिफ्ट कर अस्पताल भेजने की पूरी प्रक्रिया का सटीक और जीवंत प्रदर्शन किया गया। हालांकि, शुरुआती सायरन और विस्फोट की खबर से आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए हलचल जरूर मची, लेकिन मॉक ड्रिल की जानकारी मिलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।













