Javed Akhtar Statement Controversy: ‘हर हिंदुस्तानी के खून में बसते हैं राम’-जावेद अख्तर के बयान पर भड़के मौलाना रशीदी, कहा- ‘इतना ही प्यार है तो घर वापसी कर नाम रख लें रामपाल’

जांच हुई तो राम मंदिर चढ़ावा चोरी से भी बड़ा घोटाला निकलेगा" - वक्फ बोर्ड पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी का विस्फोटक बयान

Javed Akhtar Statement Controversy: ‘हर हिंदुस्तानी के खून में बसते हैं राम’-जावेद अख्तर के बयान पर भड़के मौलाना रशीदी, कहा- ‘इतना ही प्यार है तो घर वापसी कर नाम रख लें रामपाल’

नई दिल्ली। बॉलीवुड के दिग्गज गीतकार और लेखक जावेद अख्तर एक बार फिर अपने एक बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं, लेकिन इस बार मुद्दा भगवान श्री राम से जुड़ा है। जावेद अख्तर ने हाल ही में कहा कि भगवान राम केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार और जीवन जीने का तरीका हैं, जो हर हिंदुस्तानी के खून में बसते हैं—चाहे उसका धर्म कुछ भी हो। उनके इस बयान पर अब नया विवाद खड़ा हो गया है। ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए जावेद अख्तर को ‘घर वापसी’ करने की सलाह दे डाली है।

आखिर क्या बोले थे जावेद अख्तर?

एक कार्यक्रम के दौरान भगवान राम की महत्ता पर बात करते हुए जावेद अख्तर ने कहा था, “राम सिर्फ एक व्यक्ति (पर्सन) की बात नहीं हैं। राम एक विचार (आइडिया) हैं, राम नैतिकता (मोरालिटी) हैं, राम जीवन जीने का एक तरीका (वे ऑफ लिविंग) हैं। जब आप उस पैमाने पर राम को देखेंगे, समझेंगे और सराहेंगे, तो वे कहीं न कहीं आपके दिल को जरूर छुएंगे। मैं आपको बताऊं—शायद मेरी इस बात से बहुत से लोग नाराज भी होंगे—हिंदुस्तान के हर आदमी के खून में, उसका चाहे कोई भी मजहब क्यों न हो, राम मौजूद हैं। वे किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे कहीं बहुत बड़े हैं।”

इसे भी पढ़ें-  YASHBHARAT.COM कार्यालय में विधि-विधान से हुआ मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन, आकर्षक विद्युत साज सज्जा के बीच दीपों से जगमगाया कार्यालय

मौलाना रशीदी ने जताई कड़ी नाराजगी, दी ‘रामपाल‘ नाम रखने की सलाह

जावेद अख्तर के इस बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना रशीदी भड़क गए। उन्होंने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि न तो राम मुसलमानों के पूर्वज हैं और न ही मुसलमान उनमें आस्था रखते हैं। मौलाना रशीदी ने जावेद अख्तर पर निशाना साधते हुए कहा:

“जावेद अख्तर असल में एक बिजनेसमैन हैं। देश के 80 फीसदी लोग उनकी फिल्मों और गानों को देखते-सुनते हैं, इसलिए कारोबार चलाने के लिए ऐसी बातें करना उनकी मजबूरी है। दूसरी बात यह है कि वे तो खुले मंचों से खुद को नास्तिक बताते रहे हैं और कहते हैं कि मैं किसी भगवान या खुदा को नहीं मानता। फिर अचानक राम में उनकी आस्था कैसे जाग गई? अगर उन्हें राम से इतना ही प्यार है, तो मेरा मशवरा है कि वे घर वापसी कर लें और अपना नाम जावेद अख्तर की जगह ‘रामपाल’ रख लें। इससे 80 फीसदी हिंदू खुश हो जाएंगे और उन्हें पूरा सम्मान भी देंगे।”

‘दो नावों पर सवार होने की कोशिश कर रहे हैं जावेद अख्तर’

मौलाना रशीदी यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि जावेद अख्तर का पूरा परिवार फिल्म उद्योग से जुड़ा है—कोई निर्माता है, कोई लेखक है, तो कोई गीतकार। अपना काम और कारोबार चलाने के लिए वे ऐसी बयानबाजी करते हैं। मौलाना ने तंज कसते हुए कहा, “मैं एक मुसलमान हूं और मुझे इस पर गर्व है। लेकिन इस देश में आप (जावेद अख्तर) दोनों तरफ पैर रखने और एक साथ दो नावों पर सवार होने की कोशिश कर रहे हैं। आपको एक स्पष्ट और सीधा रुख अपनाना चाहिए। अभिनेता और नेता का कोई दीन-धर्म नहीं होता, ये वो लोग हैं जो अपने फायदे के लिए ईमानदारी तक का सौदा कर सकते हैं।”