Jammu-Kashmir Encounter: कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, घाटी में सक्रिय लश्कर का आखिरी स्थानीय कमांडर लतीफ भट ढेर; गृह मंत्री अमित शाह ने थपथपाई पीठ
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले से सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी की खबर सामने आई है। सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त अभियान के दौरान आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया है। लतीफ भट घाटी में सक्रिय लश्कर का आखिरी स्थानीय आतंकवादी बताया जा रहा है। सुरक्षाबलों की इस बड़ी सफलता पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जवानों की जमकर सराहना की है।
गृह मंत्री अमित शाह ने जवानों को किया सलाम गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट साझा कर सुरक्षाबलों के आपसी तालमेल और बहादुरी की तारीफ की। उन्होंने लिखा:
“जम्मू-कश्मीर पुलिस (JKP), भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए एक ऑपरेशन में, आज तड़के कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया। उससे एक दिन पहले, कुलगाम में ही उसके एक साथी आतंकवादी उमर निसार को भी मार गिराया गया था। इस पूरे ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।”
लगातार दो दिन में दो बड़े आतंकी ढेर गौरतलब है कि सुरक्षाबलों को कुलगाम में यह सफलता लगातार दूसरे दिन मिली है। लतीफ भट के मारे जाने से ठीक एक दिन पहले ही सुरक्षाबलों ने इसी इलाके में उसके एक अन्य साथी आतंकवादी उमर निसार को भी मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। इसे घाटी में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों की एक निर्णायक जीत माना जा रहा है।













