हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हुआ कटनी, गिरजा घाट सन्यासी बाबा धाम से निकली भव्य कांवड़ यात्र
कटनी। श्रावण मास की पावन बेला में शहर पूरी तरह शिवमय हो उठा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नई बस्ती स्थित जगमोहन दास वार्ड के गिरजा घाट सन्यासी बाबा धाम से विशाल कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धा, आस्था और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में सैकड़ों शिवभक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
“हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयघोषों के बीच निकली कांवड़ यात्रा में शिवभक्त भक्ति गीतों और शिव भजनों की मधुर धुनों पर झूमते-गाते आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था और भक्ति का अनुपम परिचय दिया।
यात्रा के दौरान समाजसेवी अरुण चक्रवर्ती ने शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा करते हुए उन्हें बिस्किट, जूस एवं गमछों का वितरण किया। श्रद्धालुओं ने उनके इस सेवा भाव की सराहना करते हुए इसे पुण्य कार्य बताया।
कांवड़ यात्रा में दिलीप यादव, हेमंत कुशवाह, मनीष शुक्ला, नानू खरे, रवि चक्रवर्ती, नवीन चक्रवर्ती, रितु सेठी, संजय वर्मा, रवि निषाद, चिंटू निषाद, अभिलाष विश्वकर्मा, आदर्श बर्मन, अमित सेन सहित सैकड़ों की संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह, भक्ति और अनुशासन आकर्षण का केंद्र बना रहा।
श्रावण मास में आयोजित इस भव्य कांवड़ यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का स्वागत किया और भगवान शिव के जयघोषों से वातावरण गुंजायमान हो उठा।