मोहर्रम को लेकर कटनी प्रशासन अलर्ट: 26 जून को निकलेगा मुख्य ताजिया जुलूस
26 जून को निकलेगा मुख्य ताजिया जुलूस; रूट के गड्ढे भरे जाएंगे, बिजली के ढीले तारों को कसा जाएगा।
लंबित आवेदनों पर सख्त प्रशासन, पंचायत सचिवों पर कार्रवाई के निर्देश
मोहर्रम को लेकर कटनी प्रशासन अलर्ट: 26 जून को निकलेगा मुख्य ताजिया जुलूस
कटनी: आगामी मोहर्रम पर्व को जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री आशीष तिवारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, साफ-सफाई और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इस वर्ष मोहर्रम का मुख्य कार्यक्रम (ताजिया जुलूस) शुक्रवार, 26 जून को आयोजित होगा। इसके अलावा 25 और 26 जून को भी विभिन्न क्षेत्रों से जुलूस निकाले जाएंगे।
प्रशासन द्वारा की गईं मुख्य व्यवस्थाएं:
सड़कों की मरम्मत और सफाई: नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस्लाम चौक, मौला चौक, सुभाष चौक, मिशन चौक और गाटर घाट करबला सहित सभी जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाएं। सड़कों के गड्ढों को तुरंत भरा जाएगा, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव होगा और पीने के पानी के टैंकर तैनात रहेंगे।
बिजली और संचार व्यवस्था: जुलूस के दौरान ऊंचे ताज़ियों को कोई बाधा न हो, इसके लिए विद्युत एवं दूरसंचार विभाग को तारों को उचित ऊंचाई पर करने और आकस्मिक स्थिति के लिए तकनीकी स्टाफ की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
कड़ा पहरा और ट्रैफिक मैनेजमेंट: भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त महिला व पुरुष पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर भी सार्वजनिक किए जाएंगे।
24 घंटे चिकित्सा सेवा: आपात स्थिति से निपटने के लिए जुलूस मार्गों पर एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। जिला अस्पताल को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश हैं।
कलेक्टर की अपील: ग्रामीण क्षेत्रों में भी ये सभी निर्देश लागू रहेंगे। सभी एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ‘शांति समिति’ की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाया जा सके।