पंचायत सचिव का घर पर मिला शव, मची सनसनी, मामला संदिग्ध
कटनी। कटनी जिले की रीठी जनपद पंचायत के ग्राम सिमडारी के पंचायत सचिव का शव संदिग्ध परिस्थिति में मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पंचायत सचिव का शव उसके उस घर पर ही मिला जिसे कुछ समय पूर्व ही मृतक ने किराए पर लिया था। पंचायत सचिव का नाम लक्ष्मी पटैल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक मृतक ग्राम भेड़ा का निवासी है। लक्ष्मी पटेल की संदिग्ध परिस्थिति मौत की खबर आग की तरह क्षेत्र में फैली, मृतक के कमरे से शराब की बोतल, नमकीन के पैकिट बिस्तर पर मोबाइल आदि पड़े मिले। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात्रि में कुछ लोग सचिव के साथ शराब पीने बैठे थे।
मृतक के भाई से मिली जानकारी के मुताबिक लक्ष्मी पटेल रीठी जनपद पंचायत के ग्राम सिमडारी के सचिव पद पर पदस्थ था जो कि लगभग 8 माह से रीठी में किराए पर घर लेकर रह रहा था। वहीं भाई और रीठी में रही बहन का आरोप है कि सचिव भाई को किसी ने साजिश के तहत मौत के घाट उतारा। बहरहाल पुलिस ने परिजनों को पोस्टमार्टम के बाद शव सौप कर विवेचना शुरू कर दी है रीठी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है साथ ही कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही होगी। घटना के बाद सिमराड़ी के साथ रीठी में भी तरह तरह की चर्चाएं हैं। सभी को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है।

