जबलपुर। रविवार के अवकाश के दिन भी नगर निगम आयुक्त अनूप कुमार सिंह ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।
निगमायुक्त श्री सिंह ने सबसे पहले खमरिया के पिपरिया से लगे उमरिया में निर्माणाधीन गौशाला का निरीक्षण किया, उन्होंने फेंसिंग यहां कराने और इस काम को तत्काल चालू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कमी न रखने एवं इसकी गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किए जाने पर जोर दिया।
उन्होंने सख्त लहजे में निर्देशित किया है कि गुणवत्ता में यदि कमी पाई गई तो अधिकारियों के वेतन एवं ठेकेदार के भुगतान से इसकी रिकवरी की जाएगी।
उन्होंने कार्य को तेज गति से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए 20 जुलाई तक किसी भी हालत में कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद विनोद चौधरी द्वारा पिपरिया पानी की टंकी को चालू कराने के संबंध में आग्रह किया गया जिस पर निगमायुक्त श्री अनूप कुमार सिंह ने पानी टंकी को चालू कराने के भी निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने ब्रजमोहन में निर्माणाधीन गौशाला का भी निरीक्षण किया एवं इस कार्य को भी जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने इस अवसर पर सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारी श्भपेंद्र सिंह एवं संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता के कार्यों में कसावट लाने के लिए प्राथमिकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
श्री सिंह ने स्ट्रीट वेंडर वे भौतिक सत्यापन के कार्यो की भी समीक्षा की। रामपुर संभागीय कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए उन्होंने भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया में अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की एवं जल्द से जल्द इस कार्य को पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम आयुक्त द्वारा प्रतिदिन शहर की सफाई व्यवस्था, संभावित जल प्लावन की समस्या की रोकथाम एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने के संबंध में अधिकारियों को लगातार निर्देशित कर रहे हैं।
निगमायुक्त ने बताया कि शासन द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं को तय समय सीमा में हर हाल में पूर्ण कराया जाएगा एवं इसके साथ ही स्वच्छता को लेकर भी शहर के सम्माननीय नागरिकों के सहयोग से जबलपुर को साफ, सुंदर एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी भूपेंद्र सिंह, सम्भागीय अधिकारी शैलेन्द्र मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी,उपयंत्री लल्ला पटेल प्रभारी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अगस्ते आदि उपस्थित थे।

