नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान: एनकेजे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 63 लीटर अवैध शराब जब्त
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान: एनकेजे पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 63 लीटर अवैध शराब जब्
कटनी। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत थाना एनकेजे पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 63 लीटर अवैध शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 34,560 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि अग्रवाल का बाड़ा, मूंगाबाई कॉलोनी रोड क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में शराब एकत्र कर रखा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राज निषाद (37) निवासी बाबा घाट, थाना एनकेजे, जिला कटनी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखी तीन बोरियों से 161 पाव देशी लाल मसाला, 160 पाव देशी प्लेन तथा 29 पाव अंग्रेजी गोवा शराब बरामद हुई। कुल मिलाकर लगभग 63 लीटर शराब जब्त की गई। आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर शराब जब्त कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से ही 10 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूपेन्द्र राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक सहपाल परतेती, प्रधान आरक्षक शैलेष दमोहिया, आरक्षक ओमशिव, अर्पित पटेल एवं संतोष काछी की सराहनीय भूमिका रही।