indore 13 वर्षीय नाबालिग की निर्मम हत्या, पलंग के अंदर छिपाया गया था शव

इंदौर में नाबालिग की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। श्रीनगर कांकड़ इलाके में रहने वाला 13 साल का अली कादरी बीती शाम से लापता था। परिवार वालों ने उसे बहुत खोजा पर वो नहीं मिला। इसके बाद गुमशुदगी का मामला थाने में दर्ज कराया गया। शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। पुलिस ने जांच के दौरान नाबालिग का शव एक बिल्डिंग से बरामद किया

एमआईजी थाना प्रभारी सी.बी. सिंह ने बताया कि अली कादरी के परिजनों की ओर से शुक्रवार शाम शिकायत की गई थी। वो शाम करीब 7.30 बजे के बाद से  लापता था। जांच शु्रू की तो पुलिस को सीसीटीवी कैमरे में दो युवकों के साथ अली दिखा। फिर जांच का दायरा बढ़ाया गया तो पुलिस बिल्डिंग तक पहुंची। ये बिल्डिंग घर से महज 30 मीटर की दूरी पर है। पुलिस को बिल्डिंग में अली का शव पलंग के अंदर मिला । इस मामले में  एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

शव पलंग पेटी में रखकर  सुला दिया दादी को 
पुलिस ने इस मामले में रेहान नामक युवक को गिरफ्तार किया। सीसीटीवी फुटेज में  रेहान और अन्य युवक के साथ अली जाते हुए दिखाई देता है। पुलिस के अनुसार आरोपी अली को बिल्डिंग की छत पर लाए। फिर उसका गला घोंटा। सिर पर पत्थर मारकर अली की हत्या कर दी। अली की मौत हो जाने के बाद उसका शव आरोपी अपने फ्लेट में ले आए। उन्होंने शव को पलंग पेटी में छुपा दिया। ये पलंग आरोपियों की दादी का था, जिस पर वो सोती थीं।  घटना के समय रेहान और उसका नाबालिग भाई दोनों साथ में थे।  पुलिस ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया तब हत्या का पता चला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। आरोपियों ने हत्या क्यों की ? इसकी पड़ताल की जा रही है।

कोचिंग के लिए घर से निकला था
पुलिस के अनुसार अली कोचिंग के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। जब पुलिस ने क्षेत्र के फुटेज खंगाले तो वह कॉलोनी के गेट से आता हुआ दिखाई दिया। उसकी आखिरी लोकेशन के आधार पर पुलिस बिल्डिंग तक पहुंची। पुलिस को अली का बैग, किताबें और जैकेट बिल्डिंग की छत पर मिले।

पुलिसकर्मियों के साथ घूमा आरोपी

गुमशुदगी की रिपोर्ट होने के बाद पुलिस जब अली को खोजने श्रीदेवी अपार्टमेंट तक आई तो दूसरे रहवासियों की तरह आरोपी रेहान भी अपने फ्लैट से निकला। वो पुलिस के साथ घूमता रहा और अली को खोजता रहा। सुबह जब फिर तलाशी के लिए पुलिस खोजी श्वान के साथ पहुंची तो वो फ्लैट पर जाकर रूक गया। इसके बाद पुलिस ने रेहान से पूछताछ की। उसके गले पर नाखून के निशान थे। पुलिस को शंका हुई। सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार की।

हत्या की वजह को लेकर पुलिस ने खुलासा नहीं किया है, लेकिन यह बात सामने आई है कि अली का कुछ दिनों पहले रेहान के छोटे भाई के साथ विवाद हुआ था। संभवतः इस कारण आरोपियों ने अली को मार दिया। यह बात भी सामने आई है कि आरोपी छत पर बैठकर गांजा, सिगरेट अक्सर पीते रहते थे। अली भी उन्हें पहले से पहचानता था। यह भी पता चला है कि रेहान के बड़े भाई ने भी एक बच्चे की हत्या कर दी थी और वह फिलहाल जेल में है।

Exit mobile version