समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त सुश्री परिहार के सख्त निर्देश संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति की समीक्षा, बकाया राजस्व वसूली पर जोर

समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त सुश्री परिहार के सख्त निर्देश संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति की समीक्षा, बकाया राजस्व वसूली पर जो

कटनी – नगर निगम कार्यालय में सोमवार को समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। निगमायुक्त ने अधिकारियों को आगामी चार माह के लक्ष्यों का निर्धारण कर अभी से कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान उपायुक्त शैलेष गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे अंशुमान सिंह, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित अन्य शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

संकल्प से समाधान अभियान की प्रगति पर विशेष फोकस

निगमायुक्त ने संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत निगम प्रशासन द्वारा आयोजित की जा रही गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान है। उन्होंने इस कार्य में संलग्न निगम के शाखा प्रमुखों को समय सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए केंद्र व राज्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण अनिवार्य

निगमायुक्त सुश्री परिहार ने सीएम हेल्पलाइन की विभिन्न शाखाओं की लंबित शिकायतों की समीक्षा कर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक नहीं बल्कि संतुष्टि पूर्वक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। शाखा प्रमुख समय-सीमा में समाधान कर फीडबैक सुनिश्चित करें, ताकि शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो तथा ग्रेडिंग में और अधिक सुधार किया जा सके।

राजस्व वसूली को दें गति

राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड में सक्रिय रहकर बकाया करों की सख्ती से वसूली की जाए, मकानों व प्रतिष्ठानों की वास्तविक स्थिति एवं अपडेट डिमांड के अनुसार वसूली की जाए। बड़े बकायेदारों पर नियमानुसार कुर्की एवं तालाबंदी जैसी कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी निगमायुक्त सुश्री परिहार नें दिए।

सफाई व्यवस्था में और सुधार की संभावना

निगमायुक्त नें बैठक के दौरान नगर कहा कि नगर की वर्तमान सफाई व्यवस्था में और सुधार लानें के प्रयास किये जाए। इस हेतु बाजार क्षेत्रों मे नियमित सफाई के साथ ही गंदगी फैलानें वालों पर जुर्मानें की कार्यवाही करनें, हांथ ठेलों की मरम्मत करानें, आवारा मवेशियों पर नियमित रूप से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करनें के साथ ही मच्छरों के नियंत्रण हेतु फागिंग अभियान के साथ ही कीटनाशक दवा का छिड़काव नियमित रूप से किया जाए।

इन विषयों पर भी हुई चर्चा

बैठक में नगर निगम कार्यालय एवं जोन कार्यालय में मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई तथा कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु प्रतिमाह आयोजित होने वाले कर्मचारी समस्या निवारण शिविर के लंबित आवेदनों की समीक्षा के दौरान प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्यवाही से निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा अवगत होते हुए शेष आवेदनों पर भी कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित शाखा प्रमुखों को दिए। नगर की चिन्हित अवैध काॅलोनियों में पुनः विकास शुल्क शिविर का आयोजन करने तथा जिन वार्डो में विगत माह शिविर का आयोजन कर विकास शुल्क की राशि जमा कराई गई है वहां जमा राशि अनुसार विकास कार्य कराने हेतु नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करानें के निर्देश भी कॉलोनी सेल अधिकारी को दिए गए। निगमायुक्त द्वारा बैठक के दौरान पीएम स्वनिधी योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कराने, ई आफिस प्रणाली, ट्रांसपोर्ट नगर योजना, फायर सेफ्टी सहित अन्य विभागीय कार्यो की समीक्षा की गई। बैठक के अंत में सभी शाखाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे पूरी गंभीरता से फील्ड में कार्य करते हुए राजस्व वसूली, स्वच्छता, जन-कल्याणकारी योजनाओं तथा अधोसंरचना व विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दें। बैठक में जन्म एवं मृत्यु प्रणाम पत्र के आवेदनों पर शीघ्रता से कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, आदेश जैन, उपयंत्री संजय मिश्रा, जे.पी.सिंह बघेल, पवन श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, स्वास्थ्य अधिकारी संजय मिश्रा सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version