ग्वालियर । केंद्रीय मंत्री बनने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया के निवास और दफ्तर में बधाई देने वालों की भीड़ लगी हुई है। ग्वालियर चंबल संभाग से भी सैकड़ोंं समर्थक बधाई देने के लिए पहुंच रहे हैं। सिंधिया की कट्टर समर्थक मानी जाने वाली पूर्व मंत्री इमरती देवी भी सिंधिया को बधाई देने दिल्ली पहुंची थीं। इमरती जब बधाई देने के लिए उनके दफ्तर पहुंची तो वह इतनी अधिक भावुक हो गईं कि उनकी आंखों से आंसू छलक आए। यह दृश्य देख सिंधिया भी भावुक हो गए और आगे बढ़कर इमरती को गले लगा लिया। इसके बाद दोनों के बीच करीब पंद्रह मिनट तक चर्चा हुई।
पूर्व मंत्री इमरती देवी गुरूवार को मंत्रालय में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यालय में उनसे मिलने पहुंची थीं। पूर्व मंत्री ने अंदर पहुंचते ही कहा-महाराज साहब बधाई हो, सिंधिया ने बधाई स्वीकारने के साथ ही उनका हालचाल पूछा। इस दौरान इमरती जब अधिक भावुक हुई तो उनकी आंखों से आंसू निकल आए। सिंधिया ने कहा कि रो क्यों रही हो तो इमरती देवी ने कहा कि यह तो खुशी के आंसू हैं, यह सुन सिंधिया भी भावुक हो गए और आगे बढ़कर इमरती देवी को गले लगा लिया। खबर है कि सिंधिया शुक्रवार को ग्वालियर आ सकते हैं।
सिंधिया के समर्थन में दिया था इस्तीफाः केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जब कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन की थी तो उस समय उनके समर्थक मंत्रियों सहित सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने भी इस्तीफे दिए थे। इनमें पूर्व मंत्री इमरती देवी भी शामिल थीं। इसके बाद इमरती देवी को उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा। समर्थन में इस्तीफा देने वाले तमाम समर्थकों को सिंधिया के मंत्री बनने का बेसब्री से इंतजार था। बुधवार को सिंधिया के केंद्रीय मंत्री पद की शपथ लेने के साथ ही ग्वालियर चंबल संभाग से बधाईयों का सिलसिला शुरू हो गया।

