विजयराघवगढ़ के ग्राम खिरवा में बंद चूना खदान में फिर शुरू हुआ अवैध खनन का काम, शिकायत के बाद कलेक्टर के निर्देश पर हुई थी कार्रवा
कटनी। विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम खिरवा में बंद पड़ी चूना खदान में अवैध उत्खनन का मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया में हो हल्ला मचने के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग ने कार्रवाई की रस्त अदायगी की और इसके बाद अवैध उत्खननकर्ताओं ने फिर एक बार यहां अवैध उत्खनन शुरू कर दिया है। एक बार फिर इस बंद पड़ी खदान में अवैध उत्खननकर्ताओं सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कुल मिलाकर इस बंद पड़ी खदान पर अवैध खनन का काम करने वाला गिरोह खनिज विभाग व पुलिस को सेट करके सीधे तौर पर कलेक्टर आशीष तिवारी को चुनौती दे रहा है कि वो कुछ भी निर्देश जारी करके कार्रवाई करवा ले लेकिन उनकी पहुंच पकड़ इतनी है कि उनका काम नहीं रूकने वाला है। गौरतलब है कि जिले में अवैध उत्खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम खिरवा में एक पोकलेन मशीन जब्त की थी। यह कार्रवाई कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग एवं संयुक्त टास्क फोर्स द्वारा की गई थी। इस कार्रवाई के बाद ऐसा लगा था कि अवैध खनन कर्ताओं के हौंसले पस्त होंगे और वो दोबारा इस बंद पड़ी खदान सहित दूसरी जगह अवैध खनन की हिम्मत भी नहीं कर पाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस कार्रवाई के बाद इस बंद पड़ी खदान में अवैध खनन करने वाले गिरोह के लोग फिर से एक बार खनिज विभाग व पुलिस को सेट किया और एक बार फिर अवैध खनन के काम में लग गए। उधर कार्रवाई के बाद उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया था कि ग्राम खिरवा स्थित एक लैप्स हो चुकी पुरानी चूना खदान में बिना अनुमति के पत्थर एवं मलबे का उत्खनन किया जा रहा था। जांच के दौरान पाया गया कि चेन माउंटेन (पोकलेन) मशीन स्वीकृत खदान की सीमा से बाहर जाकर अवैध खनन में लगी हुई थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर मशीन को रंगे हाथों पकड़ा था। कार्रवाई के दौरान निजी भूमि स्वामी एवं वाहन मालिक के बयान लिए गए हैं और संबंधितों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। राजस्व एवं पुलिस विभाग के सहयोग से मशीन को जब्त कर कैमोर थाने की अभिरक्षा में खड़ा कराया है। खनिज विभाग द्वारा संबंधितों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उधर दूसरी तरफ अवैध खनन कर्ता कार्रवाई के बाद फिर अवैध खनन की जुगत में लग गए हैं।



















