Honey Trap Part-2 in MP : प्यारे मियां पांच दिन की रिमांड पर, पूछताछ में नहीं कर रहा सहयोग

Honey Trap Part-2 in MP : भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल में नाबालिग बच्चियों के साथ यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार पत्रकार प्यारे मियां को पुलिस ने शुक्रवार दोपहर में जिला कोर्ट में पेश किया।

यहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया है। इससे पूर्व गुरुवार देर रात तक प्यारे मियां से पुलिस अधिकारी पूछताछ करते रहे।

हालांकि आरोपित ने पुलिस को सहयोग नहीं किया।

उधर, जिला कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपित ने मीडियाकर्मियों के साथ अभ्रदता की और उन्हें अंजाम भुगतने तक की धमकी दे डाली।

बता दें कि पिछले दिनों रात करीब दो बजे भोपाल के रातीबड़ थाना पुलिस ने छह लड़कियों को रोका था।

इनमें से पांच नाबालिग थीं। शराब के नशे में होने के कारण पुलिस ने पूछताछ की थी।

इस दौरान पता चला कि उनमें से एक किशोरी के साथ शाहपुरा इलाके के एक फ्लैट में प्यारे मियां द्वारा दुष्कर्म किया गया था।

गुरुवार को श्रीनगर से प्यारे मियां को गिरफ्तार कर भोपाल लाया गया था। उसके खिलाफ भोपाल के शाहपुरा, कोहेफिजा और श्यामला हिल्स थाने में एफआइआर दर्ज की गई थी।

मामले की जांच में प्यारे मियां के मोबाइल की कॉल डिटेल से कई रसूखदार लोगों के नाम मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

 

जम्मू-कश्मीर में छिपने का संबंध नहीं मिला

प्यारे मियां से लगातार पूछताछ के बाद भी उसके जम्मू-कश्मीर के संबंध की जानकारी अभी तक नहीं मिली है। वह बस यही कह रहा है कि पुलिस से बचने के लिए श्रीनगर के एक होटल में छुप गया था।

अंडरवर्ल्ड से संबंधों की छानबीन में जुटी पुलिस

प्यारे मियां का अंडरवर्ल्ड कनेक्शन भी सामने आया है। सूत्रों का कहना है कि मामला दर्ज होने की भनक लगते ही अगले दिन सुबह थाने में उसकी पैरवी करने शहर का एक पुराना बदमाश पहुंचा था।

पुलिस सूत्रों का दावा है कि अंडरवर्ल्ड का यह गुर्गा छह घंटे से अधिक समय तक थाने में व आसपास मौजूद था।

लगातार अपने रसूखदार संबंधों का हवाला देकर कार्रवाई कमजोर करने पर जोर दे रहा था।

इस मामले में क्राइम ब्रांच ने उस बदमाश पर अपना शिकंजा कस दिया है।

प्यारे मियां पर सख्त कार्रवाई के लिए आगे आई महिलाएं

प्यारे मियां के खिलाफ अब महिला संगठनों ने आवाज उठानी शुरू कर दी है। चौतरफा यह मांग उठने लगी है कि ऐसे घृणित कार्य करने वाले प्यारे मियां के खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई हो कि दूसरों को भी सबक मिल सके।

ऑनलाइन सर्विस से जुड़ीं रजनी कुशवाहा ने कहा कि ऐसे लोग देश पर कलंक हैं। आर्किटेक्ट सोनल श्रीवास्तव ने कहा कि प्यारे मियां जैसे लोगों के कारण ही गरीब परिवार से आईं कईं लड़कियां आगे नहीं बढ़ पाती हैं। प्यारे मियां के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलना चाहिए और पॉस्को एक्ट लगाना चाहिए। कई और महिलाओं ने प्यारे के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी है।

 

Exit mobile version