Freedom campaign from adulteration: चैकिंग में पकड़ा छह क्विंटल मावा, थाेक मंडी में भेजा जा रहा था, डेयरी पर छापा

Freedom campaign from adulteration of Bhind। मेहगांव थाने की पुलिस ने ग्वालियर-भिंड नेशनल हाइवे 719 पर चेकिंग के दौरान कैंटर से छह क्विंटल मावा जब्त किया है। पुलिस ने मावा की सूचना खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम को दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता, रेखा सोनी ने टीम के साथ पहुंचकर मावा के सैंपल लिए हैं। सैंपलिंग की कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी और मेहगांव टीआइ डीबीएस तोमर अपनी टीम के साथ ग्राम सोनी में बजरंग डेयरी पर छापा मारने पहुंचे। मेहगांव में जब्त किया गया मावा इसी डेयरी में तैयार हुआ था। निरीक्षण में डेयरी पर कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है। मावे के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे जा रहे हैं।

मेहगांव थाना टीआइ डीबीएस तोमर ने मंगलवार सुबह नौ बजे गोरमी तिराहा से आगे ग्वालियर रोड पर कैंटर क्रमांक एमपी 07 जीए 9244 को रुकवाया। कैंटर में 17 डलिया में मावा भरा हुआ था। पूछने पर मौके पर मिले सतेंद्र सिंह नरवरिया ने पुलिस को बताया कि मावा सोनी गांव स्थित उसकी बजरंग डेयरी पर तैयार किया गया है। 17 डलिया में करीब छह क्विंटल मावे को ग्वालियर में थोक मंडी में बिक्री के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता, रेखा सोनी को सूचना दी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अपनी टीम के साथ जाकर मावा के सैंपल लिए। पूछताछ के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी और टीआइ सोनी गांव में सतेंद्र सिंह नरवरिया की बजरंग डेयरी पर छापे के लिए पहुंचे। टीम को डेयरी से कोई भी आपित्तजनक सामग्री नहीं मिली है। इसके बाद मावा को सतेंद्र सिंह नरवरिया के सुपुर्द कर दिया गया है। मावा के सैंपल भोपाल लैब में भेजे जाने की बात कही गई है। यहां बता दें, दीपावली के त्योहार के चलते देशभर में मावा की मांग बढ़ी है। ऐसे में जिलेभर में मावा की भट्टी संचालित हैं। इससे पहले पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने लहार और गोरमी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में मावा जब्त किया है। साथ ही मिलावट की सामग्री भी जब्त की है। नकली और मिलावटी मावा बनाने वालों पर धोखाधड़ी की एफआइआर दर्ज की गई है।

मेहगांव पुलिस ने हाइवे पर कैंटर को पकड़ा है। इस कैंटर से छह क्विंटल मावा ग्वालियर की थोक मंडी भिजवाया जा रहा था। सैंपल लिए गए हैं। डेयरी पर भी छापा मारा है, लेकिन वहां से कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है। कार्रवाई जारी है।

अवनीश गुप्ता, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, भिंड

Exit mobile version