Site icon Yashbharat.com

ऑनलाइन गेमिंग की लत से परिवार बिखरा, 20 वर्षीय युवक ने गंवाए लाखों; पुलिस ने दर्ज किया मामला

IMG 20260105 WA0012

ऑनलाइन गेमिंग की लत से परिवार बिखरा, 20 वर्षीय युवक ने गंवाए लाखों; पुलिस ने दर्ज किया मामल

कटनी। ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी का बढ़ता चलन युवाओं के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। बकल क्षेत्र के पिपरिया गांव से सामने आए एक मामले ने इस समस्या की भयावहता उजागर कर दी है, जहाँ 20 वर्षीय युवक ने ऑनलाइन गेमिंग की लत में परिवार की जमा-पूंजी गंवा दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

*परिजनों पर बना रहा दबाव*
जानकारी के अनुसार पिपरिया गांव निवासी मोनू पटेल (20) को ‘टोपेक्स’ जैसे ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई। शुरुआत में छोटी-छोटी जीत के बाद उसने लगातार बड़ी रकम लगानी शुरू कर दी, जिससे परिवार के लाखों रुपये खर्च हो गए। जब परिजनों ने आगे पैसे देने से इनकार किया तो युवक का व्यवहार आक्रामक हो गया और वह मानसिक दबाव बनाने लगा। इससे पूरा परिवार तनाव में आ गया।

*पुलिस की कार्रवाई*
परिजनों की शिकायत पर बकल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। थाना प्रभारी शिवा पाठक ने बताया कि युवक के खिलाफ धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया है। जांच में यह पुष्टि हुई है कि ऑनलाइन गेमिंग के कारण युवक ने बड़ी राशि गंवाई और परिजनों को परेशान कर रहा था।

*कैसे फंसाते हैं गिरोह*
स्थानीय लोगों और जानकारों के अनुसार ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े गिरोह युवाओं को पहले छोटी जीत का लालच देकर आदी बनाते हैं। इसके बाद बड़े निवेश के लिए उकसाया जाता है और अंततः खिलाड़ी आर्थिक नुकसान व कर्ज के जाल में फंस जाता है।

*प्रशासन की अपील*
पुलिस और प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। संदिग्ध ऐप्स, लिंक और ऑनलाइन सट्टेबाजी से दूर रहने के लिए जागरूक करें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Exit mobile version