Site icon Yashbharat.com

शहर के किसी श्मशान घाट में जन्मदिन पार्टी के दौरान युवकों पर चुड़ैल के हमले का दावा झूठा, सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही फेक न्यूज

Screenshot 20250731 141204 WhatsApp

कटनी(यशभारत.काम)। सोशल मिडिया पर इन दिनों कुछ तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रही हैं। इन वायरल तस्वीरों और वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि कुछ युवक शमशान घाट में जन्मदिन की पार्टी के मना रहे थे, इस दौरान किसी अज्ञात शक्ति(चुड़ैल) ने इन युवकों पर हमला कर दिया। हमले में युवक बुरी तरह से घायल हुए हैं और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। वायरल तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि दो युवक अंधेरे में खड़े हैं और पास में केक रखा हुआ है। वहीं एक अन्य तस्वीरों में वह अस्पताल में इलाज करते दिखाई दे रहे हैं और उनके शरीर पर गहरे जख्म हैं हालांकि तस्वीर में घायल युवक का चेहरा नहीं दिख रहा है। इन तस्वीरों के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियांए दे रहे हैं। देश की नंबर-1 न्यूज वेबसाइट यशभारत.काम की टीम ने भी इन वायरल तस्वीरों कि सच्चाई जानने का प्रयास किया। जब हमने इंटरनेट पर सर्च किया तो जो निकलकर सामने आया उससे कुछ हद तक यह तस्वीर तो साफ हो गई कि यह जो तस्वीरें वायरल हो रही हैं वह शहर की नहीं हैं। जब हमने इंटरनेट पर सर्च कि तो हमें एक न्यूज चैनल का वीडियो दिखा। वीडियो को ध्यान से देखने पर यह साफ हो गया यह जो तस्वीरें वायरल हो रही हैं वैसी ही एक दो तस्वीरें इस वीडियो में भी हैं। सर्च के दौरान इन तस्वीरों व वीडियो की कई न्यूज सामने आईं। सभी न्यूज में इन वीडियो व तस्वीरों को देश के अलग-अलग शहरों का बताया गया और सभी न्यूज सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों के आधार पर ही थे तथा किसी भी न्यूज में युवकों के संबंध में कोई जानकारी नहीं थी कि वह कहां के रहने वाले थे तथा घटना के बाद किस अस्पताल में उनका उपचार हुआ। इस तरह की कुछ न्यूजों से यह भी समझ में आया कि यह वीडियो व तस्वीरें लगभग 5 से 6 माह पुरानी हैं जो अब कटनी शहर के सोशल प्लेटफार्म पर वायरल हो रही हैं तथा लोग इन्हे अपने अनुसार अपने आसपास के ही श्मशान घाट की घटना का बताकर वायरल कर रहे हैं। जिससे शहर भर में इन वायरल वीडियो व खबरों से भय व दहशत का वातावरण निर्मित हो रहा है। साथ ही सभी खबरों मेंं इस बात की पुष्टि नहीं थी कि यह घटना सच है या नहीं। इसके अलावा सर्च करने पर हमें एक खबर और मिली जो 17 दिंसबर 2023 को लगाई गई थी। इस खबर में भी बर्थडे पार्टी के दौरान युवकों पर भूत के हमले की बात कही गई थी और यह घटना यूपी के फिरोजाबाद की बताई जा गई है। हालांकि इस न्यूज चैनल ने भी यह खबर वायरल वीडियो व तस्वीरों के आधार पर लगाई थी। न्यूज पोर्टल में खबर के साथ एक वीडियो भी दिखा जिसमें वही दो युवक दिखे जो अंधेर में जन्मदिन का केक काट रहे हैं। इनमें से एक युवक ने सफेद रंग का गमछा पहन रखा है और उसने हाथ में कुछ पकड़ा है। वहीं साथ में खड़ा दूसरा युवक केक काट रहा है। ऐसे में यह बात साफ हो जाती है कि सोशल मीडिया पर जो यह तस्वीरें वायरल हो रही हैं वह काफी पुरानी हैं और अब इन्हें शहर के ही अलग-अलग श्मशान घाट में जन्मदिन मनाने के दौरान भुत का हमला बताकर वायरल किया जा रहा है। ऐसे में लोगों से अनुरोध है कि सोशल मीडिया पर इन तस्वीरों को शेयर करने से बचें क्योंकि शहर में इस तरह की कहीं कोई घटना घटित नहीं हुई है तथा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो व तस्वीरें फेक न्यूज का हिस्सा हैं।

 

Exit mobile version