College Reopening News: 1 नवंबर से देश के सारे कॉलेजों में लगेगी First Year की क्लास, एकेडमिक कैलेंडर जारी
School Reopening
College Reopening News, Unlock-5 के पहले ही अब वह अहम खबर सामने आ गई है, जिसका पूरे देश के शैक्षणिक महकमे को 6 माह से इंतजार था। आखिर कॉलेजों को खोले जाने को लेकर फैसला हो गया है।
देश भर के विश्वविद्यालयों और कालेजों में अंडर-ग्रेजुएट और पोस्ट-ग्रेजुएट की पहले वर्ष की पढ़ाई अब एक नवंबर से शुरू हो जाएगी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने इसे लेकर नया एकेडमिक कैलेंडर जारी किया है।
सभी विश्वविद्यालयों को पहले वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी करने के भी निर्देश दिए हैं। पहले वर्ष में प्रवेश लेने वाले छात्रों की पहली परीक्षा मार्च 2021 में दूसरे हफ्ते में होगी।
इस बीच नई गाइडलाइन में यूजीसी ने सभी विश्वविद्यालयों से 18 नवंबर 2020 हर हाल में रिजल्ट घोषित करने को कहा है। ताकि समय से पढ़ाई शुरू हो सके।
हालांकि ज्यादातर विवि अक्टूबर में ही रिजल्ट जारी करने की तैयारी में हैं। यूजीसी ने इसके साथ ही सभी विश्वविद्यालयों से शैक्षणिक सत्र-2020-21 और 2021-22 में हफ्ते में छह दिन पढ़ाने का सुझाव दिया है।
इस दौरान कम से कम छुट्टियां करने के भी निर्देश दिए हैं। वहीं यदि कोई छात्र 30 नवंबर तक अपना प्रवेश रद कराकर रिफंड लेना चाहता है, तो उसे बगैर कोई राशि काटे पूरी फीस लौटाई जाए। यदि कुछ राशि काटनी जरूरी हो, तो वह भी अधिकतम एक हजार से अधिक नहीं होनी चाहिए।
यूजीसी ने इसके साथ ही अपने दिशा-निर्देशों में सभी विवि और कालेजों के लिए गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी और प्रोटोकाल का पालन करना जरूरी बताया है। साथ ही सभी विवि और कालेजों से आनलाइन पढ़ाई से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को तैयार करने पर भी जोर दिया है, ताकि आनलाइन पढ़ाई से जुड़ी गतिविधियों को आगे भी जारी रखा जा सके।
कोरोना संक्रमण के चलते मार्च से ही बंद पड़े विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने को लेकर यूजीसी ने प्रोफेसर आर सी कुहाड की अगुवाई में एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित की थी। जिसकी सिफारिश के बाद यह फैसला लिया गया है। यूजीसी ने इससे पहले इसी कमेटी के सुझावों के आधार पर अंतिम वर्ष की परीक्षाओं को लेकर भी निर्देश जारी किए थे।