कटनी में ओवरलोडेड वाहनों, स्कूल बसों और नशे के सौदागरों पर कसेगा शिकंजा: कलेक्टर आशीष तिवारी के सख्त निर्देश
कटनी: कटनी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति और जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने पुलिस, आरटीओ, आबकारी और खनिज विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर ओवरलोडेड वाहनों, स्कूल बसों, बिना नंबर प्लेट के वाहनों और अवैध नशे की बिक्री करने वालों पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, डीएफओ श्री गर्वित गंगवार, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, यातायात निरीक्षक श्री अनूप सिंह, आरटीओ श्री संतोष पाल और उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित समेत तमाम आला अधिकारी उपस्थित रहे।
स्कूल-कॉलेजों के पास नशे के अवैध कारोबार पर सर्जिकल स्ट्राइक
कलेक्टर ने शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा और छात्र-छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं:
-
आबकारी व ड्रग्स एक्ट के तहत कार्रवाई: स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू, गांजा, स्मैक, विजयावटी जैसी नशीली गोलियों और कफ सिरप, नाइट्रावेट, अल्प्राजोलम बेचने वाली दुकानों पर पुलिस व ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम जांच कर कठोरतम कार्रवाई करेगी।
-
गोपनीय हेल्पलाइन नंबर: नशीले पदार्थों की सूचना देने के लिए एक विशेष दूरभाष नंबर जारी किया जाएगा, जिस पर सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
-
पुलिस की कार्रवाई: एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए 17 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं और “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान भी चलाया जा रहा है। कटनी में ओवरलोडेड वाहनों, स्कूल बसों और नशे के सौदागरों पर कसेगा शिकंजा: कलेक्टर आशीष तिवारी के सख्त निर्देश
ब्लैक स्पॉट सुधार, स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक व्यवस्था पर बड़ा फैसला
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कलेक्टर ने जिले के सड़क ढांचे में कई सुधारों के निर्देश दिए:
-
रिफ्लेक्टिव मार्किंग व रेडियम: शहर के सभी स्पीड ब्रेकरों पर रेडियम युक्त थर्मोप्लास्टिक मार्किंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे।
-
ब्लैक स्पॉट्स का सुधार: लखापतेरी, कश्यप ढाबा, पीर बाबा बायपास और सुर्खी टैंक मोड़ पर ले-बाय रोड और पर्याप्त लाइट की व्यवस्था की जाएगी।
-
चांडक चौक का कायाकल्प: चांडक चौक को एक आधुनिक रोटरी (Trffic Circle) के रूप में विकसित किया जाएगा।
-
ओवरस्पीड कैमरों की तैनाती: शहर के मुख्य प्रवेश और निकास मार्गों पर 4 ओवरस्पीड डिटेक्शन कैमरे लगाए जाएंगे और बसों में सीसीटीवी (CCTV) लगाने के लिए संचालकों को प्रेरित किया जाएगा।
-
शराबी ड्राइवरों पर शिकंजा: मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 (ड्रंक एंड ड्राइव) के तहत लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई तेजी से की जाएगी।
बाउंड्रीवॉल वाले स्कूलों में होगा वृहद पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि जिले के सभी बाउंड्रीवॉल युक्त स्कूल परिसरों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण (Tree Plantation Drive) कराया जाए।
