श्रीराम वन गमन पथ को लेकर CM चित्रकूट में करेंगे बैठक, कटनी भी है पथ में शामिल, 22 जनवरी के अवकाश पर भी फैसला
Ramvangaman path श्री रामवनगमन पथ को लेकर मध्यप्रदेश की सरकार गम्भीर हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव रामवनगमन पथ की कार्ययोजना को लेकर चित्रकूट में बैठक करने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इसी बैठक में 22 जनवरी के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा भी होगी।
मंगलवार को मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव की अध्यक्षता में श्रीरामचंद्र पथगमन न्यास की पहली बैठक चित्रकूट में होगी। इसमें संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास और धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंन्द्र सिंह लोधी सहित संबंधित विभाग और जिलों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे
मुख्यमंत्री दिल्ली से खजुराहो होते हुए चित्रकूट पहुंचेंगे। जबकि, मुख्य सचिव वीरा राणा भोपाल से वर्चुअली बैठक में शामिल होंगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बैठक में श्रीराम वन गमन पथ की कार्य योजना का प्रस्तुतीकरण होगा।
श्रीरामचंद्र पथगमन न्यास का काम केंद्र सरकार की तरफ से प्रदेश में चिह्नित श्रीराम वन गमन पथ के 23 स्थलों का विकास करना है। इनमें सतना, पन्ना, कटनी, जबलपुर, नर्मदापुरम, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जिले के स्फटिक शिला, गुप्त गोदावरी, अत्रि आश्रम, शरभंग आश्रम, अश्वमुनि आश्रम, सुतीक्ष्ण आश्रम, सिद्धा पहाड़, सीता रसोई, रामसेल, राम जानकी मंदिर, बृहस्पति कुंड, अग्निजिह्ना आश्रम, अगस्त्य आश्रम, शिव मंदिर, रामघाट, श्रीराम मंदिर, मार्कंडेय आश्रम, दशरथ घाट, सीता मढ़ी शामिल हैं।

