‘हाथ काटने’ की धमकी देने वाला पाकिस्तानी मंत्री दिल्ली पहुंचा, SCO डायलॉग में होगा शामिल; उधर अमेरिका से राहुल गांधी ने भी पाक को दिखाया आईना
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आज से ‘SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग’ (एससीओ सभ्यता संवाद मंच) की शुरुआत होने जा रही है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम को करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में 15 देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं, जिनमें पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद यह पहला मौका है जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत पहुंचा है। इससे पहले साल 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो गोवा में हुई SCO बैठक में शामिल होने आए थे।
सिंधु जल समझौते पर दी थी ‘हाथ काटने’ की धमकी
भारत में पाकिस्तान उच्चायोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि डॉ. मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर 2026 तक चलने वाले पहले एससीओ सभ्यता संवाद मंच में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। गौरतलब है कि भारत की धरती पर कदम रखने वाले यही पाकिस्तानी मंत्री पहले सिंधु जल समझौते के मुद्दे पर भारत को ‘हाथ काटने’ तक की गीदड़भभकी दे चुके हैं।
अमेरिका से राहुल गांधी की दो टूक- ‘खून और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते’
एक तरफ पाकिस्तानी मंत्री का दिल्ली दौरा सुर्खियों में है, तो दूसरी तरफ अमेरिका दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को सख्त संदेश देते हुए आईना दिखाया है। अमेरिका में एक कार्यक्रम के दौरान जब एक पाकिस्तानी नागरिक ने दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर साथ काम करने की गुंजाइश पर सवाल पूछा, तो राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक पाकिस्तान भारत में आतंकवाद फैलाना बंद नहीं करेगा, तब तक कोई बातचीत संभव नहीं है।
‘बेगुनाह मारे जाएं और हम बात करें, यह नामुमकिन’
राहुल गांधी ने बेहद सख्त लहजे में कहा, “दोनों देशों के साथ काम करने की गुंजाइश तो है, लेकिन सबसे बड़ी समस्या यह है कि पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद का समर्थन और उसे बढ़ावा देता है, जो बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। खून और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। हमारे लिए ऐसी स्थिति को मानना नामुमकिन है कि हमारे बेगुनाह लोग मारे जा रहे हों और हम पाकिस्तान से बात करें। जिस पल पाकिस्तान आतंकवाद को रोक देगा, उसी पल बातचीत शुरू होने की संभावना बन सकती है।”











