Site icon Yashbharat.com

Chaitra Navratra 2021: मंदिरों में पसरा सन्नाटा, घरों में गूंज रहे मां जगदंबा के जयकारे

diwali2020

Chaitra Navratra 2021:। चैत्र नवरात्र के पहले दिन मंगलवार को शहर के प्राचीन और सिद्ध स्थलों में शुमार मंदिरों में मंगला आरती के दौरान सन्नाटा पसरा रहा।

मंदिरों के प्रधान और पुजारियों ने पूरे विधि-विधान के साथ मंगला आरती की। आरती के दौरान मौजूद रहने वाले श्रद्धालु दिखाई नहीं दिए, लेकिन तड़के से ही घरों में मां जगदंबा के जयकारे सुनाई दिए।

सुबह साढे पांच बजे खरी फाटक रोड स्थित खेड़ापति माता मंदिर में सन्नाटा पसरा हुआ था।

 

यहां पर मंदिर के प्रधान आरती कर रहे थे और मात्र दो श्रद्धालु मौजूद थे, जबकि इस मंदिर में मंगला आरती के दौरान श्रद्धालुओं की मंदिर के बाहर तक भीड़ जुटी रहती थी।

 

इसी प्रकार रेलवे स्टेशन स्थित सिद्धेश्वरी शक्ति पीठ पर भी तड़के से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाता था, लेकिन सुबह छह बजे यहां भी पर सन्नाटा पसरा हुआ था। मंदिर समिति ने मंदिर के बाहर फ्लेक्स लगा दिया है। गिने-चुने पहुंच रहे श्रद्धालुओं को बगैर मास्क के प्रवेश नहीं दिया जा रहा। अच्छी बात यह है कि कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए श्रद्धालु़ओं ने स्वयं ही मंदिरों से दूरी बना ली है और अपने घर पर ही घट स्थापना कर देवी की आराधना कर रहे हैं।

 

मंदिरों की जगह घर में गूंजे मैया के जयकारे

 

कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए श्रद्धालु मंदिरों में तो नहीं पहुंच रहे हैं, लेकिन घरों में तड़के से ही मैया के जयकारे और आरती की गूंज सुनाई दी। शहर के खरी फाटक रोड निवासी रमेश शर्मा ने बताया कि वह नवरात्र के दौरान सुबह अपनी पत्नी के साथ निकल जाते थे और शहर के सभी देवी मंदिरों में पूजन और दर्शन करते थे, लेकिन इस साल कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए उन्होंने घर पर ही पूरे विधि-विधान से देवी की आराधना की।

Exit mobile version