Site icon Yashbharat.com

bribery: 1 लाख की घूस लेते पकड़े गए तहसीलदार, डर के मारे जला दिए 20 लाख रुपये

cash

cash

राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के एक दल ने बुधवार को पिंडवाडा के राजस्व निरीक्षक परबत सिंह को एक लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। यह जानकारी ब्यूरो के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी परबत सिंह द्वारा रिश्वत की राशि पिंडवाडा के तहसीलदार कल्पेश कुमार जैन के लिए लेने की बात स्वीकार करने पर जब ब्यूरो की टीम तहसीलदार के निवास पर उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो तहसीलदार ने अपने घर के दरवाजे बंद करके भीतर करीब 15-20 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा जला भी दिया। उन्होंने बताया कि तहसीलदार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि आरोपी तहसीलदार कल्पेश जैन ने परिवादी से पिंडवाडा में प्राकृतिक पैदावार आवंला छाल का ठेका दिलवाने की एवज में राजस्व निरीक्षक परबत सिंह के मार्फत एक लाख रुपये की राशि की मांग की थी। उन्होंने बताया कि आरोपी परबत सिंह को परिवादी से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में तहसीलदार कल्पेश कुमार जैन की संलिप्तता पाए जाने पर जब ब्यूरो का दल उसे गिरफ्तार करने पहुंचा तो उसने अपने घर का दरवाजे बंद करके भीतर रखी करीब 15-20 लाख रुपये की राशि को गैस के चूल्हे पर जलाने का प्रयास किया।

तहसीलदार कल्पेश कुमार जैन भी गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि दल ने स्थानीय पुलिस की मदद से घर में प्रवेश किया। उन्होंने बताया कि तहसीलदार के निवास पर तलाशी में एक लाख 50 हजार रुपये बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि आरोपी तहसीलदार कल्पेश कुमार जैन को भी मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी जारी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Exit mobile version