बांग्लादेश: सेना ने किया तख्तापलट, मुजीबुर्रहमान की मूर्ति पर चले हथौड़े
बांग्लादेश: सेना ने किया तख्तापलट, मुजीबुर्रहमान की मूर्ति पर चले हथौड़े
बांग्लादेश की सेना ने प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार का तख्तापलट कर दिया है। आरक्षण के मुद्दे पर बनी अराजक स्थिति के बाद हसीना को पद से इस्तीफा देना पड़ा। बांग्लादेश की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सेना ने उन्हें देश छोड़ने के लिए 45 मिनट का समय दिया था।
वह पद छोड़ने से पहले देशवासियों के नाम एक विदाई संदेश रिकॉर्ड करना चाहती थीं। मगर, स्थितियां ऐसी बदलीं कि उन्हें इसका मौका भी नहीं मिला। 2:30 मिनट पर सैन्य हेलिकॉप्टर के जरिये बहन शेख रेहाना के साथ हसीना सुरक्षित जगह के लिए रवाना हुईं। बताया जा रहा है कि वह भारत पहुंच चुकी हैं।
सेना प्रमुख ने की हिंसा रोकने की अपील
उधर, बांग्लादेश की कमान सेना ने संभाल ली है। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमान ने देश को संबोधित करते हुए कहा है कि अंतरिम सरकार का गठन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से हिंसा रोकने की अपील की। साथ ही कहा कि हिंसा में मारे गए लोगों के साथ न्याय किया जाएगा। यह पहला मौका नहीं है, जब सेना ने तख्ता पलट किया है।
आरक्षण के इस मुद्दे से बिगड़े हालात
बताते चलें कि आरक्षण के मुद्दे को लेकर छात्रों के प्रदर्शन के बाद बांग्लादेश में हालात बेकाबू हो गए। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि 1971 के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों के लिए आरक्षित 30 प्रतिशत सरकारी नौकरियों के कोटा को खत्म किया जाए। इससे पहले हिंसा भड़कने पर कोर्ट ने कोटे की सीमा घटा दी थी।
मगर, मामला शांत नहीं हुआ और प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए। हिंसा में अब तक 300 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 11,000 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को हुए उग्र प्रदर्शन के बाद पुलिस और छात्रों के बीच संघर्ष शुरू हो गया। भीड़ को भगाने के लिए पुलिन ने आंसू गैस के गोले भी दागे।
इसके बाद प्रदर्शनकारी और भी ज्यादा उग्र हो गए। पुलिस पर हमला करते हुए आंदोलनकारी पीएम आवास में घुस गए। भीड़ ने पीएम आवास के अंदर आगजनी और तोड़-फोड़ की। इस सब घटनाक्रम को देखते हुए प्रधानमंत्री शेख हसीना को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बंगबंधु की मूर्ति पर चले हथौड़े
शेख हसीना के प्रति प्रदर्शनकारियों का प्रचंड गुस्सा देखने को मिला। उन्होंने बंगबंधु शेख मुजीबुर्रहमान की मूर्ति तक तोड़ डाली। बंगबंधु की मूर्ति पर चढ़कर प्रदर्शनकारियों ने हथौड़े चलाए। बताते चलें कि शेख हसीना शेख मुजीबुर्रहमान की बेटी हैं।