aparna yadav अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट में पत्नी एवं भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से तलाक लेने की बात

लखनऊ। aparna yadavउत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट में पत्नी एवं भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से तलाक लेने की बात कही गई। इंस्टाग्राम हैंडल @iamprateekyadav से किए गए इस पोस्ट के बाद सियासी और पारिवारिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। हालांकि अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट ने इसे अकाउंट हैक होने की घटना बताते हुए पोस्ट को फर्जी करार दिया है।

इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा गया था कि “मैं अपर्णा को जल्द तलाक देने जा रहा हूं। उन्होंने मेरे परिवार के रिश्ते खराब कर दिए हैं। उन्हें सिर्फ मशहूर और प्रभावशाली बनना है। मेरी मानसिक स्थिति बेहद खराब है, लेकिन उन्हें इसकी परवाह नहीं है। मेरी शादी उनसे होना मेरी बदकिस्मती थी।” यह संदेश सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया।

मामले पर सफाई देते हुए अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट ने कहा कि प्रतीक यादव का सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया है और उसी के जरिए यह भ्रामक पोस्ट की गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई जा रही है और कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।
2011 में हुई थी चर्चित शादी

अपर्णा यादव और प्रतीक यादव का विवाह वर्ष 2011 में हुआ था। दोनों करीब आठ वर्षों तक मित्र रहे, जिसके बाद परिवार की सहमति से शादी हुई। यह विवाह उस दौर की सबसे चर्चित शादियों में शामिल रहा, जिसमें अनिल अंबानी, अमिताभ बच्चन समेत कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुई थीं। दंपति की एक बेटी प्रथमा है।

अपर्णा यादव ने ब्रिटेन की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की है, जबकि प्रतीक यादव लीड्स यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट ग्रेजुएट हैं। प्रतीक, सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र हैं। अपर्णा वर्तमान में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और 2022 में भाजपा में शामिल होने के बाद से सक्रिय राजनीति में हैं।

अचानक सामने आई इस तलाक की खबर—चाहे वह हैकिंग का मामला ही क्यों न हो—ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। यादव परिवार से जुड़ा यह प्रकरण सोशल मीडिया से निकलकर सियासी विमर्श का विषय बन गया है, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Exit mobile version