Latest

कृपया गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएं…’ पति प्रतीक यादव के निधन पर पत्नी अपर्णा यादव का भावुक पोस्ट; आज लखनऊ में नम आंखों से दी जाएगी अंतिम विदाई

कृपया गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएं…’ पति प्रतीक यादव के निधन पर पत्नी अपर्णा यादव का भावुक पोस्ट; आज लखनऊ में नम आंखों से दी जाएगी अंतिम विदाई, समाजवादी पार्टी के संरक्षक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव (38) का हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से असामयिक निधन हो गया है। बुधवार तड़के विक्रमादित्य मार्ग स्थित अपने आवास पर वे अचेत अवस्था में मिले थे। आज (14 मई, गुरुवार) सुबह 11 बजे लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है।

पत्नी अपर्णा यादव ने साझा किया दुख

प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट लिखकर इस दुखद खबर को साझा किया। उन्होंने इस समय को परिवार के लिए अत्यंत कठिन बताते हुए सभी शुभचिंतकों से अंतिम संस्कार में गरिमामयी उपस्थिति की प्रार्थना की है। अंतिम विदाई के मद्देनजर बैकुंठ धाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और राजनीतिक हस्तियों का पहुंचना शुरू हो गया है।

रसोई में अचेत मिले थे प्रतीक, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 4 बजे प्रतीक अपने घर के किचन में अचेत पाए गए थे। घर के घरेलू सहायक (नौकर) ने तुरंत सिविल अस्पताल को फोन किया। डॉक्टरों की टीम आनन-फानन में उनके आवास पर पहुंची, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चल रहा था गंभीर बीमारी का इलाज (Deep Vein Thrombosis)

चिकित्सकों के अनुसार, प्रतीक यादव उच्च रक्तचाप (हायपरटेंशन) के साथ-साथ डीप वेन थ्रोम्बोसिस (DVT) यानी खून का थक्का जमने की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे।

  • अस्पताल की रिपोर्ट: मेदांता अस्पताल की डॉ. रुचिता शर्मा ने बताया कि बीती 29 अप्रैल को सांस लेने में तकलीफ होने पर प्रतीक अस्पताल आए थे, जहां उनके दिल और नसों में थक्का बनने की पुष्टि हुई थी।

  • जानलेवा स्थिति: डॉक्टरों के मुताबिक, नसों में बना खून का थक्का यदि टूटकर फेफड़ों या दिल तक पहुंच जाए, तो वह तत्काल जानलेवा साबित होता है और प्रतीक के मामले में भी यही हुआ।

10 साल के प्यार के बाद रचाई थी शादी, पीछे छोड़ गए दो बेटियां

राजनीति की चकाचौंध से दूर रहने वाले प्रतीक यादव अपनी फिटनेस और पेट डॉग्स के प्रति प्रेम के लिए जाने जाते थे। प्रतीक और अपर्णा की लव स्टोरी भी बेहद चर्चित रही थी:

  • 2011 में हुई थी शादी: एक बर्थडे पार्टी में मुलाकात के बाद दोनों 10 साल तक रिलेशनशिप में रहे और फिर 4 दिसंबर 2011 को सैफई में दोनों का भव्य विवाह हुआ था।

  • परिवार: प्रतीक अपने पीछे पत्नी अपर्णा यादव और दो मासूम बेटियों— प्रथमा यादव (12) और प्रतीक्षा यादव को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।

Back to top button